Edited By Vijay, Updated: 07 Jan, 2020 11:17 PM
हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। आलम यह है कि प्रदेश के 6 शहरों का तापमान माइनस में पहुंच गया है। इनमें पर्यटन स्थल शिमला, मनाली और कुफरी शामिल हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश व...
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। आलम यह है कि प्रदेश के 6 शहरों का तापमान माइनस में पहुंच गया है। इनमें पर्यटन स्थल शिमला, मनाली और कुफरी शामिल हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। लाहौल-स्पीति जिले का केलांग प्रदेश में सबसे ठंडा स्थल बना हुआ है।
मंगलवार की सुबह केलांग में न्यूनतम तापमान -7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर जिला के कल्पा और शिमला के कुफरी में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सैल्सियस रहा। इसके अलावा मनाली में -1.6 डिग्री, डल्हौजी में -0.9 डिग्री और राजधानी शिमला में -0.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात और मैदानों में वर्षा हुई।
जिला कुल्लू के कोठी में सर्वाधिक 45 सैंटीमीटर बर्फ बारी दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि बारिश व बर्फबारी का दौर राज्य में 8 जनवरी को भी जारी रहेगा। इसके बाद 9 व 10 जनवरी को मौसम साफ रहेगा लेकिन 11 से 13 जनवरी तक मैदानी इलाकों में एक बार फिर बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
उधर, ऊंचे क्षेत्रों में 2 दिन से हो रही बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़केंबंद होने से बर्फ बाहुल इलाकों का शेष दुनिया से संपर्क कटा पड़ा है। सैंकड़ों गांवों में 2 दिन से विद्युत आपूर्ति ठप्प है। बर्फबारी के कारण 5 नैशनल हाईवे समेत 495 सड़़कों पर पहियों की रफ्तार थम गई है।