Edited By Kuldeep, Updated: 04 Nov, 2026 09:13 PM

प्रदेश हाईकोर्ट ने अटल मैडीकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी नैरचौक को आदेश दिया है कि वह नीट-यूजी 2026 की मैरिट के आधार पर याचिकाकर्त्ता छात्रा को 2 सप्ताह के भीतर सरकारी मैडीकल कालेज में एमबीबीएस सीट पर दाखिला दे।
शिमला (मनोहर): प्रदेश हाईकोर्ट ने अटल मैडीकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी नैरचौक को आदेश दिया है कि वह नीट-यूजी 2026 की मैरिट के आधार पर याचिकाकर्त्ता छात्रा को 2 सप्ताह के भीतर सरकारी मैडीकल कालेज में एमबीबीएस सीट पर दाखिला दे। इसके साथ ही कोर्ट ने लापरवाही बरतने और छात्रा को मानसिक प्रताड़ना देने के लिए यूनिवर्सिटी पर 1 लाख रुपए का हर्जाना भी लगाया है।
याचिकाकर्त्ता अंजलि कौंडल ने अनुसूचित जाति श्रेणी के तहत नीट परीक्षा में 442 अंक प्राप्त किए थे। उन्होंने काऊंसलिंग के दूसरे दौर में भाग लेने के लिए 8 सितम्बर को समय पर 1,00,000 रुपए की सुरक्षा फीस जमा कर दी थी। हालांकि, वह च्वाइस-फिलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाईं और सीट आबंटन से वंचित रह गईं। छात्रा को बाद में पता चला कि उनका भुगतान पोर्टल पर सीधे 29 सितम्बर को प्रदर्शित हुआ, तब तक दूसरे दौर की च्वाइस-फिलिंग की अंतिम तिथि (9 सितम्बर) समाप्त हो चुकी थी।
न्यायाधीश संदीप शर्मा ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि जब उम्मीदवार की कोई गलती नहीं है तो उसे प्रशासन या पोर्टल की तकनीकी विफलता के लिए दंडित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यद्यपि मैडीकल दाखिले की अंतिम तिथि बीत चुकी है, लेकिन दुर्लभ और असाधारण मामलों में जहां उम्मीदवार निर्दोष हो, उसे राहत दी जा सकती है। कोर्ट ने प्रतिवादी यूनिवर्सिटी को 2 सप्ताह के भीतर छात्रा को एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश देने और 1 लाख रुपए की मानहानि राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया है।