Edited By Kuldeep, Updated: 08 Sep, 2026 09:25 PM

राज्य प्रदेश सरकार ने आम जनता की सुविधा के लिए हिमाचल भवन एवं हिमाचल सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चंडीगढ़ तथा विल्ली पार्क सर्किट हाऊस शिमला के 24 कमरों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली, चंडीगढ़ व शिमला में हिमाचल भवन-सर्किट हाऊस में कमरा 3,000 रुपए में मिलेगा, बुकिंग ठहरने की तारीख से अधिकतम 3 दिन पहले खुलेगी
शिमला (कुलदीप): राज्य प्रदेश सरकार ने आम जनता की सुविधा के लिए हिमाचल भवन एवं हिमाचल सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चंडीगढ़ तथा विल्ली पार्क सर्किट हाऊस शिमला के 24 कमरों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने का निर्णय लिया है। इन कमरों की बुकिंग हिमअतिथि पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। सरकार की ओर से 18 अप्रैल, 2026 को जारी अधिसूचना में इन 24 कमरों का किराया 4,000 प्रति कमरा प्रतिदिन (सभी करों सहित) निर्धारित किया गया था। हालांकि हिमअतिथि पोर्टल पर आवश्यक तकनीकी प्रावधान उपलब्ध न होने के कारण उस समय अधिसूचना को लागू नहीं किया जा सका। अब तकनीकी व्यवस्था पूरी होने के बाद इन कमरों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध करवाया गया है।
सरकार ने इन कमरों का किराया अब घटाकर 3,000 रुपए प्रति कमरा प्रतिदिन (सभी करों सहित) कर दिया है। हिमअतिथि पोर्टल पर कमरे की बुकिंग की विंडो ठहरने की तारीख से अधिकतम 3 दिन पहले उपलब्ध होगी। उपलब्ध कमरे की बुकिंग की पुष्टि तभी की जाएगी, जब निर्धारित 3,000 का अग्रिम शुल्क प्राप्त हो जाए। भुगतान नैट बैंकिंग, यू.पी.आई., डैबिट कार्ड अथवा क्रैडिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा।
इन 4 स्थानों पर उपलब्ध होंगे 24 कमरें
हिमाचल भवन नई दिल्ली : 7 कमरे
हिमाचल सदन नई दिल्ली : 4 कमरे
हिमाचल भवन चंडीगढ़ : 6 कमरे
विल्ली पार्क सर्किट हाऊस शिमला : 7 कमरे
24 घंटे पहले बुकिंग रद्द करने पर 10 फीसदी कटेंगे
बुकिंग को चैक-इन समय यानी दोपहर 12 बजे से 24 घंटे से पहले रद्द करने पर कमरे के शुल्क की 10 फीसदी राशि काटकर शेष राशि आवेदक को वापस कर दी जाएगी। हालांकि चैक-इन से 24 घंटे के भीतर बुकिंग रद्द करने पर पूरी राशि ली जाएगी और कोई रिफंड नहीं मिलेगा। वहीं यदि कमरा या कमरों की बुकिंग सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से रद्द की जाती है, तो आवेदक को पूरी राशि वापस की जाएगी।
बाकी कमरों का पहले की तरह 1,200 रुपए
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 24 कमरों के अलावा हिमाचल भवन एवं हिमाचल सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चंडीगढ़ तथा विल्ली पार्क सर्किट हाऊस शिमला के बाकी कमरों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन कमरों का किराया 1,200 रुपए प्रति कमरा प्रतिदिन (सभी करों सहित) ही रहेगा। ऑनलाइन उपलब्ध कमरों में से करीब 40 फीसदी कमरों की बुकिंग प्रत्येक कार्य दिवस दोपहर 12 बजे सुनिश्चित की जाएगी, जबकि शेष करीब 60 फीसदी कमरों की बुकिंग उसी दिन शाम 5 बजे सुनिश्चित की जाएगी।