Edited By Kuldeep, Updated: 02 Nov, 2020 09:01 PM
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के कोरोना संक्रमित आने के कारण सरकार की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही है।
शिमला (कुलदीप): शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के कोरोना संक्रमित आने के कारण सरकार की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही है। शिक्षा मंत्री के बाद अब प्रदेश सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार के कोरोना पॉजिटिव आने के कारण प्रदेश सचिवालय व पुलिस के कई अधिकारी होम आइसोलेट हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मनोज कुमार से अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सैना सहित सचिवालय के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी संपर्क में आए हैं। इस कारण प्रबोध सक्सैना और सचिवालय के अन्य अधिकारी व स्टाफ के सदस्य आइसोलेट हो गए हैं। मनोज कुमार रिज मैदान पर हुए पुलिस के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। उस समय एस.पी. शिमला मोहित चावला, ए.एस.पी. परबीर व डी.एस.पी. कमल भी उनके संपर्क में आए थे। इस कारण तीनों अधिकारी भी 72 घंटे के लिए आइसोलेट हो गए हैं। हालांकि मनोज कुमार इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अन्य नेताओं से भी कार्यक्रमों एवं बैठकों के दौरान मिलते रहे हैं, लेकिन उस समय सोशल डिस्टैंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया था। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में नेताओं के अलावा अफसरशाही भी कोरोना की चपेट में आ रही है। इससे पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, निशा सिंह तथा मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव डा. आर.एन. बत्ता भी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। कोरोना संक्रमण की यह चेन यहीं पर थमती नजर नहीं आ रही है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी निर्देशों का पालन किया जा रहा है, ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।