Edited By Updated: 11 May, 2017 02:52 PM
कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद शांता कुमार का डलहौजी के बनीखेत पहुंचने पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
चंबा: कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद शांता कुमार का डलहौजी के बनीखेत पहुंचने पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ संगठन मजबूती को लेकर बैठक की और कुछ चुनावी टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठित होकर पार्टी को मजबूत बनाने का कार्य करें। शांता ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियां और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियां घर-घर पहुंचाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद हिमाचल में चुनाव होने जा रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी विजय रथ लेकर पूरे देश में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा पिछली जीत के पूरे रिकॉर्ड तोड़ेगी।
भाजपा पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी
उन्होंने कहा आज भाजपा पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी है और कांग्रेस का बुरा हाल है। कांग्रेस सिसक रही है मर रही है हिमाचल के मुख्यमंत्री पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की इतनी बढ़िया हालत कभी नहीं थी और कांग्रेस की इतनी बुरी हालत भी कभी नहीं थी। शांता ने डलहौजी के उम्मीदवार को लेकर कहा कि इस समय कोई भी पार्टी का उम्मीदवार नहीं है और सभी एक समान कार्यकर्ता हैं। विधानसभा चुनाव में पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी सभी कार्यकर्ता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोशिश करेगी।