राजनीति के घटते स्तर पर क्या बोले शांता कुमार, पढ़ें ये खबर

Edited By Vijay, Updated: 14 May, 2019 10:11 PM

shanta kumar spoke on the declining level of politics

भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद शांता कुमार ने मंगलवार को धर्मशाला में हिमाचल विचार मंच द्वारा आयोजित वर्तमान लोकसभा चुनाव व देश के समक्ष चुनौतियां विषय पर विचार गोष्ठी में कहा कि अच्छा भारत बनाने के लिए वोट देना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक अवमूल्यन पर...

धर्मशाला (नरेश): भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद शांता कुमार ने मंगलवार को धर्मशाला में हिमाचल विचार मंच द्वारा आयोजित वर्तमान लोकसभा चुनाव व देश के समक्ष चुनौतियां विषय पर विचार गोष्ठी में कहा कि अच्छा भारत बनाने के लिए वोट देना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक अवमूल्यन पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि इस चुनाव में राजनीति का स्तर और गिरा है, यह बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि राजनीति जीवन का अंग है परंतु अब जीवन राजनीति का अंग बन गया है लेकिन केंद की मोदी सरकार ने भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगाई है।

अच्छे व्यक्तियों के बिना नहीं हो सकती अच्छी राजनीति

उन्होंने कहा कि अच्छे व्यक्तियों के बिना अच्छी राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने दोहराया कि स्वामी विवेकानंद कहते थे मनुष्य अपने चरित्र को पहले बनाए और हम चलती-फिरती लाइब्रेरी न बनें। विवेकानंद ने मूल बातों को लेकर चिंतन किया। उन्होंने जोर डालते हुए कहा कि जो केवल अपने लिए सोचता व जीता है वह व्यक्ति मरे के समान है।

भूखे-नंगे लोग बने हैं नक्सलवादी

उन्होंने नक्सलवाद पर कहा कि नक्सलवाद मुश्किल से 5 से 6 प्रतिशत है बाकी तो भूखे-नंगे लोग हैं जो नक्सलवादी बने हैं। दुनिया के 12 देशों में भारत का नाम तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में है परंतु सबसे ज्यादा भूखे लोग आज भारत में हैं। उन्होंने कहा कि जब वे केंद्र में खाद्य मंत्री बने तो गरीबों के बारे में सोचा उनके लिए योजनाएं बनाईं। गरीबों के लिए सस्ता अनाज मुहैया करवाया गया। आज देश के करोड़ों लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का भाव मन में होना चाहिए, उसके लिए राजनीति न हो।

राष्ट्र की सुरक्षा से कतई समझौता नहीं हो सकता

एन.आर.सी. के गठन को लेकर उन्होंने कहा कि जो 3 करोड़ घुसपैठिए भारत में प्रवेश कर गए हैं, उन्हें बाहर निकलने के लिए एन.आर.सी. बनाया गया है। हम यह जानते हैं कि इससे हमें नुक्सान होगा लेकिन राष्ट्र की सुरक्षा से कतई समझौता नहीं किया जा सकता है।

मणि शंकर अय्यर के बयान पर नहीं की टिप्पणी

कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर द्वारा पूर्व में पी.एम. पर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि अय्यर विद्वान हैं, उनके द्वारा राजनीति में रहते हुए दिए गए बयान पर मैं टिप्पणी करना उचित नहीं समझता। इस मौके पर सी.यू. के वाइस चांसलर कुलदीप अग्निहोत्री, प्रदेश भाजपा के सह-मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, भाजपा नेता संजय शर्मा व पूर्व चुनाव आयुक्त के.सी. शर्मा  सहित भारी संख्या में महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे।

राजनीति खत्म अब समाजसेवा शुरू

इस मौके पर  शांता कुमार ने कहा कि बतौर सांसद उनका अंतिम नमस्कार है और अब समाजसेवा नए सिरे से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पालमपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आदर्श विश्राम गृह बनाया जाएगा जिसमें लगभग 100 वरिष्ठ नागरिकों के लिए रहने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में पूर्व चुनाव आयुक्त के.सी. शर्मा बतौर सहयोगी कार्य करेंगे।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!