Edited By Vijay, Updated: 07 Jun, 2022 10:14 PM
भगवान देश के नेताओं को सद्बुद्धि दे। यह तल्ख टिप्पणी दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार ने की है। राज्यसभा चुनाव के दृष्टिगत विधायकों को संबंधित राजनीतिक दलों द्वारा होटलों में रखने के लिए विवश होने पर शांता कुमार ने यह बात कही। बकौल शांता कुमार राज्यसभा...
पालमपुर (भृगु): भगवान देश के नेताओं को सद्बुद्धि दे। यह तल्ख टिप्पणी दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार ने की है। राज्यसभा चुनाव के दृष्टिगत विधायकों को संबंधित राजनीतिक दलों द्वारा होटलों में रखने के लिए विवश होने पर शांता कुमार ने यह बात कही। बकौल शांता कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों को अपने विधायकों को संभाल कर रखना पड़ रहा है, बाड़बंदी हो रही है, विधायक छिपाकर, संभाल कर रखे जा रहे हैं। राजनीतिक दलों को डर है कि किसी लालच में इनका वोट कहीं और न चला जाए। इतना ही नहीं, एक पार्टी के नेता ने बड़े गर्व से कहा है कि कुछ भी करो हम विरोधी पक्ष में सेंधमारी करके दिखाएंगे। कुछ अति धनवान निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वे तभी जीतेंगे, यदि कुछ पार्टियों के विधायक उनके साथ आएंगे।
लाखों लोगों के प्रतिनिधियों का भेड़-बकरियों की तरह बिकना शर्म की बात
शांता कुमार ने कहा कि 75 वर्ष के बाद यदि लाखों लोगों के प्रतिनिधि भेड़-बकरियों की तरह बिक सकते हैं और बिकने से बचाने के लिए उन्हें संभालना पड़े तो देश के लिए इससे बड़ी शर्म की कोई बात नहीं हो सकती। देश में भयंकर भ्रष्टाचार का यही सबसे बड़ा कारण है। लाखों लोगों का विश्वास लेकर जीते हुए जनप्रतिनिधि, जिन्हें सरकारी सुविधा और लाखों में वेतन मिलता है, यदि इस प्रकार बिकते दिखाई दें तो देश के आम लोग ईमानदार नहीं रह सकते। ट्रांसपेरैंसी इंटरनैशनल की रिपोर्ट के अनुसार भारत विश्व के महाभ्रष्ट देशों में सम्मिलित है। राम कृष्ण का भारत विश्व गुरु बनने की बात करने वाले ऐसे नेताओं के कारण कितना नीचे पहुंच गया, यह दुर्भाग्य की बात है।
भ्रष्टाचार के कारण ठीक ढंग से लागू नहीं हुईं योजनाएं
शांता कुमार ने कहा कि गरीबी का सबसे बड़ा कारण भ्रष्टाचार है। विकास हुआ, योजनाएं भी बनीं परंतु भ्रष्टाचार के कारण योजनाएं ठीक ढंग से लागू नहीं हुईं। 75 वर्ष की स्वतंत्रता और 8 वर्ष के नरेंद्र मोदी के शानदार शासनकाल के बाद भी ग्लोबल हंगर इंडैक्स की रिपोर्ट के अनुसार भारत आज भी विश्व के सबसे अधिक निर्धन 127 देशों में 117वें क्रम पर है। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में कहा गया है कि 19 करोड़ 40 लाख लोग रात को लगभग भूखे पेट सोते हैं।
विधायकों की बिक्री रोकने के लिए बने कठोर कानून
शांता कुमार ने कहा कि यदि देश में भ्रष्टाचार न होता तो आज भारत विश्व का सबसे अधिक खुशहाल देश होता। भ्रष्टाचार भारत का सबसे बड़ा शत्रु है और इसको बढ़ाने की सबसे अधिक जिम्मेदारी ऊपर के बड़े नेताओं और उद्योगपतियों की है। उन्होंने कहा कि विधायकों की बिक्री और दल-बदल रोकने के लिए कठोर कानून बनना चाहिए। जिस पार्टी के टिकट पर विधायक चुना गया हो उस पार्टी के विरुद्ध वोट देने पर उसकी सदस्यता समाप्त होनी चाहिए। इस एक कानून से विधायकों की लगने वाली मंडियां बंद हो सकती हैं। यह कानून क्यों नहीं बन रहा, समझ नहीं आता। भगवान देश के नेताओं को सद्बुद्धि दे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here