Edited By kirti, Updated: 17 Jun, 2018 06:46 PM
उत्तर भारत के अग्रणी मीडिया ग्रुप द हिंद समाचार लिमिटेड के मुख्य संपादक पदमश्री विजय चोपड़ा जी ने कहा कि शहीद परिवार फंड के माध्यम से अब तक 19 करोड़ रुपए की राशि एकत्रित कर शहीद परिवारों पर खर्च की जा चुकी है।
गगरेट (बृज): उत्तर भारत के अग्रणी मीडिया ग्रुप द हिंद समाचार लिमिटेड के मुख्य संपादक पदमश्री विजय चोपड़ा जी ने कहा कि शहीद परिवार फंड के माध्यम से अब तक 19 करोड़ रुपए की राशि एकत्रित कर शहीद परिवारों पर खर्च की जा चुकी है। 475 ट्रक खाद्य व अन्य सामग्री जम्मू-कश्मीर क आतंकवाद पीडि़त परिवारों को वितरित की जा चुकी है। जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर एरिया में रहने वाले लोगों के घरों पर गोली के निशान देखकर उनका दर्द समझा जा सकता है। यही नहीं बल्कि द हिंद समाचार लिमिटेड अपने सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए प्राकृतिक आपदा आने पर भी रिलीफ फंड के माध्यम से 60 करोड़ रुपए दानी सज्जनों के माध्यम से एकत्रित कर पीडि़त लोगों की मद्द में अब तक खर्च कर चुका है। पद्मश्री विजय चोपड़ा जी रविवार को गगरेट कस्बे में आयोजित एक समारोह में शिरकत करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के लोग संकट में फंसे लोगों की स्वेच्छा से मदद करने के लिए तत्पर रहते हैं और पंजाब के लोग दान करने में अग्रणी हैं। लोगों के सहयोग से ही शहीद परिवार फंड के माध्यम से करोड़ों रुपए आतंकवाद पीडि़त लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के 496 पी.एस.ओ. की वित्तीय स्थिति को लेकर उन्हें एक पत्र मिला था जिस पर प्रत्येक पी.एस.ओ. को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के समय भी द हिंद समाचार लिमिटेड ने जनसहयोग से साढ़े 10 करोड़ रुपए एकत्रित कर देश की सेवा में लगे जवानों के लिए जुटाए थे। उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को सितंबर माह में द हिंद समाचार लिमिटेड द्वारा जालंधर में आयोजित किए जाने वाले समारोह में आने का निमंत्रण दिया। इस समारोह में 200 विधवाओं को खाद्य सामग्री व अन्य सामान वितरित किया जाएगा।
समाजसेवी ठाकुर चमेल सिंह ने किया सम्मानित
इससे पहले पद्मश्री विजय चोपड़ा को समाजसेवी ठाकुर चमेल सिंह द्वारा शाल व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। ठाकुर चमेल सिंह व प्रमुख शराब व्यवसायी राजेन्द्र राणा ने शहीद परिवार फंड के लिए 11-11 हजार रुपए विजय चोपड़ा जी को भेंट किए और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर समाजसेवी ठाकुर चमेल सिंह, शराब व्यवसायी राजेन्द्र राणा, बाबा राकेश शाह, पूर्व सांसद कमल चौधरी, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, प्रसिद्ध व्यवसायी विनोद कुमार, अवनीश अरोड़ा, अश्विनी चड्ढा, दलवीर सिंह, गौतम शर्मा, वरुण शर्मा, कुबेर ठाकुर सहित कई गण्यमान्य मौजूद थे। गगरेट में एक समारोह में पहुंचे पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने पुरानी यादें भी ताजा की। उन्होंने कहा कि पंडित मोहन दत्त शर्मा के चुनाव के समय वह अपने पिता जी के साथ यहां आए थे और उस दौरान वह अपने पिता जी के साथ गगरेट विश्रामगृह में भी रुके थे।