Edited By prashant sharma, Updated: 25 Dec, 2020 06:32 PM
अटल के आने की सूचना मिलने पर घंटों इंतजार करने वाले प्रीणी गांव के ग्रामीण आज अपने मुखिया स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भावुक हो उठे।
मनाली (ब्यूरो) : अटल के आने की सूचना मिलने पर घंटों इंतजार करने वाले प्रीणी गांव के ग्रामीण आज अपने मुखिया स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भावुक हो उठे। ग्रामीणों ने अपने मुखिया की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। अटल के साथी रहे कारदार लोत राम, पूर्व प्रधान देवी राम, तुले राम, पूर्ण चंद, शिव दयाल, ठाकुर दास व कुंदन ने बताया कि अटल के मनाली आने पर वे घंटों बैठकर सुख-दुख सांझा किया करते थे। अटल जयंती पर जिलाध्यक्ष भीमसेन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर व मंडल के अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
भीमसेन ने अटल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश ही नहीं, हिमाचल प्रदेश भी अटल जी के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि हिमाचल के उत्थान में अटल जी का योगदान सराहनीय रहा है। धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि अटल का हिमाचल प्रेम हम सबके लिए वरदान साबित हुआ है। वाजपेयी ने नेता, सांसद, मंत्री व प्रधानमंत्री की भूमिका में आदर्श स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी देशभक्ति व भारतीय संस्कृति की प्रखर आवाज थे।
उन्होंने कहा कि मनाली के अटल प्यार को मनालीवासी हमेशा याद रखेंगे। ग्रामीण कुंदन ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अपनी मधुरवाणी व कुशलता के कारण विरोधियों में भी प्रिय थे। प्रदेश इंटक प्रवक्ता डीआर जोशी ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि मनाली को अपना दूसरा घर बनाने वाले अटल हमेशा प्रदेशवासियों के दिलों में राज करते रहेंगे। पंचायत प्रीणी प्रधान शिव दयाल ठाकुर ने अपने मुखिया को श्रद्धांजलि दी।