Edited By Vijay, Updated: 19 Dec, 2018 10:29 PM
राफेल मुद्दे को लेकर भाजपा ने प्रदेश भर में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी के चलते शिमला में भी प्रदर्शन किया गया और डी.सी. शिमला के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
शिमला: राफेल मुद्दे को लेकर भाजपा ने प्रदेश भर में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी के चलते शिमला में भी प्रदर्शन किया गया और डी.सी. शिमला के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने संबोधित करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद कांग्रेस नेताओं के चेहरे बेनकाब हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर गुमराह किया।
कश्मीर घाटी में सेना को गलत बताते हैं कांग्रेस नेता
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज तक बड़े सौदों में कमीशन लेती रही है और अरबों के घोटाले सामने आते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर घाटी में सैनिकों पर पत्थरबाजों के हमले पर कांग्रेस नेता सेना को ही गलत बताते हैं, ऐसे में जब कांग्रेस पार्टी के हाथ कोई मुद्दा नहीं लगता तो राफेल जैसे मामलों को भुनाने में उसके नेता मर्यादाओं को भी लांघ जाते हैं। इस दौरान भाजपा नेता संजय सूद, रूपा शर्मा, खुशी राम बालनाटाह, कुसुम सदरेट, राकेश शर्मा, प्रदीप कश्यप आदि मौजूद थे।