Edited By Vijay, Updated: 26 Jul, 2026 12:51 PM

"मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।" इस कहावत को सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के जिला साेलन के अंतर्गत आते दाड़लाघाट के नौणी गांव की 10 वर्षीय होनहार बेटी आस्था ठाकुर ने।
दाड़लाघाट/साेलन (अत्री): "मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।" इस कहावत को सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के जिला साेलन के अंतर्गत आते दाड़लाघाट के नौणी गांव की 10 वर्षीय होनहार बेटी आस्था ठाकुर ने। आस्था ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का परिचय देते हुए दाड़लाघाट से शिमला तक की लगभग 50 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ मात्र 8 घंटे में पूरी कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार सुबह करीब 5 बजे आस्था ने दाड़लाघाट से अपनी दौड़ शुरू की। रास्ते में पहाड़ी रास्ते, कठिन चढ़ाई और बारिश जैसी चुनौतियां आईं, लेकिन आस्था ने हार नहीं मानी और दोपहर करीब 1 बजे शिमला पहुंचकर अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। इतनी कम उम्र में इतनी लंबी दूरी तय कर आस्था क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।
सोशल मीडिया से मिली प्रेरणा, पिता ने दिया साथ
आस्था ने बताया कि 3 दिन पहले उसने सोशल मीडिया पर एक प्रसिद्ध सूफी रनर के वीडियो देखे थे, जिससे प्रेरित होकर उसने यह लंबी दौड़ पूरी करने का संकल्प लिया। लक्ष्य तय करने के बाद वह पीछे नहीं हटी। आस्था प्रतिदिन सुबह व्यायाम करती हैं और अपने पिता सुनील ठाकुर के साथ करीब एक घंटे दौड़ का अभ्यास करती हैं। दौड़ के दौरान भी उनके पिता साये की तरह उनके साथ रहे।
मां थीं घबराई हुई, बेटी ने कर दिया कमाल
आस्था की माता निशा ठाकुर ने बताया कि जब बेटी ने इतनी लंबी दौड़ की बात कही तो वे काफी घबरा गई थीं। कम उम्र और खराब मौसम को देखकर उन्हें लगा था कि आस्था ज्यादा से ज्यादा कराड़ा या दानोघाट तक ही पहुंच पाएगी, लेकिन बेटी के हौसले ने सभी को हैरान कर दिया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए लगाई दौड़
आस्था का उद्देश्य केवल दौड़ पूरी करना नहीं था, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहने का संदेश देना भी था। आस्था ने बताया कि उसका अगला लक्ष्य दाड़लाघाट से कुनिहार तक दौड़ पूरी करना है, जो मंगलवार या बुधवार को संभावित है। इच्छुक लोग उनके सोशल मीडिया पेज के जरिए इस अभियान से जुड़ सकते हैं। आस्था का सपना आईपीएस अधिकारी बनना है और वे एक अच्छी एथलैटिक्स अकादमी से प्रशिक्षण लेकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं।
विधायक सहित दिग्गजों ने दी बधाई
आस्था की इस उपलब्धि के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। अर्की के विधायक संजय अवस्थी, पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, पंचायत प्रधान श्याम सिंह चौधरी, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी ठाकुर, उपप्रधान हेमराज गौतम सहित दर्जनों जनप्रतिनिधियों सोमा कौंडल, राम कृष्ण शर्मा, मधु बाला, मदन शर्मा, कृष्ण चंद भट्टी, संगीता सोनी, मोहन सिंह ठाकुर, वेदप्रकाश शुक्ला, राम कृष्ण बंसल, जगदीश ठाकुर, जय सिंह ठाकुर, मनोज, राजेंद्र, सुरेंद्र शुक्ला, बंसी राम भाटिया, जय पाल चौधरी, लेखराज ने आस्था और उनके परिवार को बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें