Edited By Vijay, Updated: 22 Sep, 2018 07:23 PM
शुक्रवार रात से हो बारिश एक बार फिर वाहन चालकों के लिए रोड़ा बनकर आई और भू-स्खलन की वजह से बनेर के समीप चंडीगढ़-मनाली एन.एच.-205 पर आए बड़े-बड़े पत्थरों से सड़क मार्ग बंद हो गया।
बिलासपुर (मुकेश): शुक्रवार रात से हो बारिश एक बार फिर वाहन चालकों के लिए रोड़ा बनकर आई और भू-स्खलन की वजह से बनेर के समीप चंडीगढ़-मनाली एन.एच.-205 पर आए बड़े-बड़े पत्थरों से सड़क मार्ग बंद हो गया। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे शिव मंदिर बनेर के निकट सड़क मार्ग पर विशाल चट्टानें गिरने से राजमार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट की लेबर व जे.सी.बी. घटनास्थल की ओर रवाना हुई लेकिन जाम की वजह से जे.सी.बी. को भी मौके तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
2 घंटे बाद एकतरफा बहाल हुआ मार्ग
आखिरकार लंबी जद्दोजहद व बारिश के बीच विभाग के प्रयासों से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क मार्ग को एकतरफा बहाल कर दिया गया, जिससे वाहन चालकों ने कुछ राहत की सांस ली। सड़क पर आई विशाल चट्टानों को तोडऩे के लिए विभाग मशीनरी का प्रबंध करने में जुटा हुआ है। लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के सहायक अभियंता दीपक सुरेहली ने बताया कि शीघ्र ही सड़क मार्ग को पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।