Edited By Vijay, Updated: 19 Oct, 2018 10:23 PM
न्यू नालागढ़ कालोनी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग खस्ताहाल हो गए हैं। टूटी सड़कें व जगह-जगह पड़े गड्ढे हादसों को न्यौता दे रहे हैं। यहां पिछले कई वर्षों से सड़कों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है।
नालागढ़: न्यू नालागढ़ कालोनी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग खस्ताहाल हो गए हैं। टूटी सड़कें व जगह-जगह पड़े गड्ढे हादसों को न्यौता दे रहे हैं। यहां पिछले कई वर्षों से सड़कों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। यहां की ज्यादातर सड़कें बी.बी.एन.डी.ए. के अधीन हैं, बावजूद इसके सड़कों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। टैंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सड़कों की मुरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया जा रहा।
कभी भी हो सकता है कोई बड़ा हादसा
न्यू नालागढ़ सोसायटी के प्रधान कुलदीप सिंह, रामकरण, जसवंत सिंह, रविंद्र सिंह, जगदीश सिंह, लखविंद्र सिंह, मास्टर देशराज व सुरिंद्र सिंह ने बताया कि नालागढ़-रोपड़ मार्ग से न्यू नालागढ़ को जाने वाले मार्ग की हालत बदतर है। मार्ग पर पड़े गड्ढे पानी से भरे हुए हैं जिससे यहां पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं बी.बी.एन.डी.ए. नालागढ़ के एस.डी.ओ. परवर सिंह ने बताया कि न्यू नालागढ़ सड़क की खस्ता हालत का मामला संज्ञान में है। जल्द ही सड़क पर पैचवर्क शुरू कर दिया जाएगा।