Edited By Vijay, Updated: 12 Jun, 2019 07:29 PM
सुंदरनगर से 4 दिन पहले घर से अगवा की गई नाबालिग लड़की के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को किन्नौर से वापस लाते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
सुंदरनगर: सुंदरनगर से 4 दिन पहले घर से अगवा की गई नाबालिग लड़की के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को किन्नौर से वापस लाते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। नाबालिग लड़की के बयान पर पुलिस ने रेप का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नाबालिग लड़की को अगवा कर ले गया था किन्नौर
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवक पीड़िता के संपर्क में था तथा फोन पर उससे बातचीत करता था। बीती 8 जून को नाबालिग लड़की के पिता ने सुंदरनगर थाना में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा कर उसे अगवा करने की आशंका जताई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक नाबालिग लड़की को लेकर किन्नौर में पहुंच गया था जहां पर उसने नाबालिग लड़की से जबरन शारीरिक संबंध बना लिए।
पीड़िता को वापस लाते समय दबोचा आरोपी
3 दिन बाद पीड़िता को वापस लाते समय आरोपी को दबोच लिया गया। सुंदरनगर थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने धारा 363 के साथ 376 और पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।