Edited By Vijay, Updated: 14 Sep, 2018 05:03 PM
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही पिछली सरकार के फैसले को बदला व जो सौदा 520 करोड़ में हुआ था उसके बदले 1600 करोड़ में नया सौदा किया गया।
सोलन (चिनमय/नरेश): पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही पिछली सरकार के फैसले को बदला व जो सौदा 520 करोड़ में हुआ था उसके बदले 1600 करोड़ में नया सौदा किया गया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के साथ कांग्रेस समझौता नहीं कर सकती क्योंकि कांग्रेस के समय जो इसकी दरें निर्धारित की गईं थीं उसमें कई विमान खरीदे जा सकते थे। उस समय 123 विमान खरीदे जाने थे लेकिन कांग्रेस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 126 का ऑर्डर दिया था लेकिन भाजपा ने मात्र 36 का ऑर्डर दिया व बाकी अगर भारत मे बनेंगे तो भी 126 के मुकाबले बहुत कम होंगे। भाजपा ने ऐसे आदमी को इसका ऑर्डर दिया जिसको सुरक्षा संबंधी कोई जानकारी नहीं है। देश की सुरक्षा से भाजपा समझौता कर रही है।
दोस्त को फायदा देने के लिए मोदी ने देश से की गद्दारी
उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. की सरकार के समय राफेल की डील हो गई थी। इसका मसौदा भी तैयार हो गया था, जिसकी कीमत 520 करोड़ थी लेकिन सरकार बदली व मोदी देश के प्रधानमंत्री बन गए। अपने दोस्त को फायदा देने के लिए मोदी ने देश से गद्दारी कर महाघोटाला कर डाला जो देश का सबसे बड़ा घोटाला है जिसकी उच्चतर जांच की जानी चाहिए और जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे लगता है कि वह भी भष्ट्राचार को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं।