Edited By kirti, Updated: 17 Feb, 2019 01:40 PM
पुलवामा में हुए आतंकी हमलों के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश देखा जा रहा है। सभी जगह आतंंकियों और पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। ऊना में भी आतंकियों और पाकिस्तान के खिलाफ भाजपा का गुस्सा फूटा है।
ऊना(अमित): पुलवामा में हुए आतंकी हमलों के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश देखा जा रहा है। सभी जगह आतंंकियों और पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। ऊना में भी आतंकियों और पाकिस्तान के खिलाफ भाजपा का गुस्सा फूटा है। जगह-जगह आतंकवाद और पाकिस्तान के पुतले जलाए गए। वहीं भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ऊना के एमसी पार्क में एकत्रित होकर शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारों के बीच शहीद स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धासुमन भी अर्पित किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोटरी चौंक तक रोष रैली निकालते हुए पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और हमें विश्वास है कि केंद्र सरकार इस का सख्ती के साथ माकूल जवाब देगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई देश के खिलाफ नारेबाजी करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीँ भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष बलराम बबलू ने कैबीनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के बयान पर कड़ी आपति दर्ज करवाई है। उन्होंने कांग्रेस से सिद्धू को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में जहां पूरा देश शोक की लहर से गुजर रहा है, वहीं सिद्धू घटिया बयानबाजी कर पाकिस्तान को बचाने का काम कर रहे हैं।