Edited By kirti, Updated: 04 Feb, 2019 03:19 PM
पालमपुर-धर्मशाला वाया नगरी सड़क मार्ग पर हुई बस दुर्घटना में 33 यात्री घायल हो गए हैं। घटना सोमवार प्रात: उस समय घटी जब संधोल से धर्मशाला जा रही निजी बस चामुंडा के पास चमोटू में एक तीखे मोड़ पर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस...
पालमपुर(भृगु): पालमपुर-धर्मशाला वाया नगरी सड़क मार्ग पर हुई बस दुर्घटना में 33 यात्री घायल हो गए हैं। घटना सोमवार प्रात: उस समय घटी जब संधोल से धर्मशाला जा रही निजी बस चामुंडा के पास चमोटू में एक तीखे मोड़ पर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई, वहीं स्थानीय लोगों द्वारा टैक्सियों व निजी वाहनों में घायलों को गोपालपुर चिकित्सालय ले जाया गया।
गोपालपुर चिकित्सालय से 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के पश्चात डा. राजेंद्र प्रसाद आयुॢवज्ञान संस्थान एवं चिकित्सालय टांडा रैफर किया गया है। 3 घायल नागरिक चिकित्सालय पालमपुर लाए गए हैं। पुलिस के अनुसार घटना के समय बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। उधर, प्रशासन ने भी घायलों को त्वरित सहायता राशि प्रदान की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उपमंडल पुलिस अधिकारी विकास धीमान ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।
घायल यात्रियों ने बताया कि चालक ने कुछ क्षण पूर्व ही तकनीकी खराबी आने के बारे में सचेत कर दिया था कि इतने में ही दुर्घटना घट गई। उधर, उपमंडल पुलिस अधिकारी विकास धीमान ने बताया कि तकनीकी खराबी आने बारे एक्सपर्ट जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा व जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा ने दुर्घटनास्थल व गोपालपुर अस्पताल में जाकर घायल मरीजों का कुशलक्षेम पूछा।