Edited By Punjab Kesari, Updated: 26 Dec, 2017 04:24 PM
शिमला में हिमाचल प्रदेश की 13वीं विधानसभा के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि शिमला के डीसी रोहन चंद ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि रिज मैदान पर...
शिमला: रिज मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि शिमला के डीसी रोहन चंद ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि रिज मैदान पर 12000 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। इससे पहले भी शपथ ग्रहण समारोह रिज मैदान पर ही होता आया है। रिज पर 12 बार सीएम शपथ ग्रहण कर चुके हैं। जय राम ठाकुर 13वीं बार सीएम की शपथ ग्रहण करेंगे।
सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती भी
रिज मैदान से आईजीएमसी की तरफ जाने वाले रोड, स्कैंडल प्वाइंट की तरफ जाने वाले मार्ग जो कालबाड़ी की तरफ जाता है पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। हर तरफ पुलिस जवान पहरा दे रहे हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए। इसके अलावा सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती भी की गई है। इधर चर्च की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी पुलिस व सीआरपीएफ के जवान पहरा दे रहे हैं। जाखू की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
रिज मैदान पर 12 हजार कुर्सियां
रिज मैदान पर हर तरफ कुर्सियां ही कुर्सियां नजर आ रहीं हैं। रिज पर लाए जा रहे सामान की जवान पूरी जांच पड़ताल कर रहे हैं। रिज पर मैट बिछाई गई है। आपको बता दें कि कल शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी शरीक होने वाले हैं इसके मद्देनजर सुरक्षा को और भी कड़ा किया गया है। रिज को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके अलावा यहां वीवीआईपी के लिए भोजन के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान हिमाचल की डिसें परोसी जाएंगी।