Edited By Vijay, Updated: 27 Jun, 2026 06:56 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की घुमारवीं पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और बेहतरीन कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए चोरी के एक बड़े मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने में कामयाबी हासिल की है।
घुमारवीं (जम्वाल): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की घुमारवीं पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और बेहतरीन कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए चोरी के एक बड़े मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। शादी समारोह में शामिल होने जा रही एक महिला के बैग से करीब 11 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराने वाले हरियाणा के एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 शातिर को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चुराए गए 11 लाख रुपए मूल्य के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
बस में दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार बरठीं के समीप सुन्हाणी के बरड़ निवासी विक्रम सिंह ने 26 जून को पुलिस थाना घुमारवीं में चोरी का यह मामला दर्ज करवाया था। विक्रम सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपने साले के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बंदला जा रहे थे। जब वे घुमारवीं बस अड्डे से एक निजी बस में सवार हो रहे थे, तभी 2-3 अज्ञात युवक उनकी पत्नी के ठीक पीछे बस में चढ़े और उनके पास ही खड़े हो गए। बस अड्डे से महज 100 से 150 मीटर आगे चलने के बाद ये युवक सिविल अस्पताल के पास अचानक बस से उतर गए। परिवार जब बंदला पहुंचा और अपना बैग चैक किया, तो उनके होश उड़ गए। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 9 हजार रुपए की नकदी गायब थी।
शिकायत मिलते ही घुमारवीं पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बस स्टैंड व घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व मानवीय सूचनाओं का बारीकी से विश्लेषण किया और महज 24 घंटे के भीतर इस वारदात का खुलासा कर दिया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान जिला सोनीपत (गुहाना) के आर्य नगर निवासी अजीत पुत्र सूरजभान, जिला जींद के अशरफगढ़ निवासी विनय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, जिला सोनीपत (गुहाना) के निवासी राकेश कुमार पुत्र राजा सिंह तथा सूरजभान पुत्र बारू राम के रूप में की गई है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पकड़े गए सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इन शातिरों का संबंध हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों अथवा अन्य राज्यों में हुई इस तरह की चोरी की वारदातों से तो नहीं है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें