Edited By Punjab Kesari, Updated: 25 Mar, 2018 01:28 AM
प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व कांग्रेस सरकार के वक्त लिए गए फैसलों को आए दिन बदलने से आक्रोषित युवा कांग्रेस ने शनिवार को चौहाटा में प्रदर्शन किया लेकिन वे मुख्यमंत्री का पुतला जलाने से चूक गए।
मंडी (पुरुषोत्तम): प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व कांग्रेस सरकार के वक्त लिए गए फैसलों को आए दिन बदलने से आक्रोषित युवा कांग्रेस ने शनिवार को चौहाटा में प्रदर्शन किया लेकिन वे मुख्यमंत्री का पुतला जलाने से चूक गए। जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से बाहर निकले तो पहले से ही सादी वर्दी में तैनात पुलिस जवानों ने उनका पुतला छीन लिया, जिससे पुलिस जवानों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में करीब 10 मिनट छीना-झपटी चलती रही। पुलिस पुतला छीनने में कामयाब रही, जिससे गुस्साए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा की अगुवाई में नारे लगाते हुए डी.सी. से मिलने जा पहुंचे, लेकिन वहां डी.सी. के मौजूद न होने के चलते उन्होंने ए.डी.सी. के माध्यम से अपना ज्ञापन राज्यपाल को भेजा।
पूर्व कांग्रेस सरकार के फैसलों को बदल रही जयराम सरकार
मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों में सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रही है क्योंकि प्रदेश की जयराम सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को आए दिन बदल रही है। एन.एस.यू.आई. के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार पहले से खोले संस्थान बंद करने पर तुली है, जो सही नहीं है। प्रदेश कांग्रेस सचिव संजीव गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश में बदले की भावना से काम हो रहा है।