Edited By Vijay, Updated: 27 Sep, 2026 02:35 PM

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की सीआईए टीम ने पंचरुखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री साई यूनिवर्सिटी के पास नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को 25.37 ग्राम चिट्टे के साथ...
पंचरुखी/कांगड़ा (तिलक): हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की सीआईए टीम ने पंचरुखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री साई यूनिवर्सिटी के पास नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को 25.37 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने देर रात पंचरुखी थाना क्षेत्र में श्री साई यूनिवर्सिटी के पास विशेष गश्त और नाकाबंदी की। इसी दौरान यूनिवर्सिटी बैंड के समीप दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर जब उन्हें रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 25.37 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह (39) निवासी गांव व डाकघर दवावाल कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) और ऋषभ कुमार (35) निवासी गांव व डाकघर अवेरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। पंजाब के तस्कर की संलिप्तता से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि नशे की यह खेप बाहरी राज्य से हिमाचल लाई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अन्य नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें