Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2018 09:07 PM
पार्वती घाटी के जरी के समीप एक प्लाट को समतल करने के बाद भवन निर्माण के लिए नींव खोद रहे 2 मजदूर मलबे के ढेर में दफन हो गए। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद अन्य मजदूरों ने उन्हें मलबे के बीच से बाहर निकाला।
कुल्लू: पार्वती घाटी के जरी के समीप एक प्लाट को समतल करने के बाद भवन निर्माण के लिए नींव खोद रहे 2 मजदूर मलबे के ढेर में दफन हो गए। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद अन्य मजदूरों ने उन्हें मलबे के बीच से बाहर निकाला। तब इस बीच जरी पुलिस चौकी को भी घटना की सूचना दी गई। जरी पुलिस चौकी से पुलिस चौकी प्रभारी चिंत राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जरी से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। इस घटना में एक दर्जन के करीब अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
डूंखरा में काम कर रहे थे डेढ़ दर्जन मजदूर
पुलिस के अनुसार जरी के डूंखरा में एक होटल के समीप करीब डेढ़ दर्जन मजदूर एक प्लाट को समतल करने के बाद भवन निर्माण के लिए नींव खोद रहे थे। इस दौरान अचानक मजदूरों पर ऊपर से मलबा गिर गया। अन्य मजदूर इस दौरान भाग गए लेकिन 2 मजदूर मलबे में दब गए। दोनों को मलबे से करीब 20 मिनट बाद निकाला गया। वीरवार को हुई इस घटना के दौरान डूंखरा में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं मजदूर
जरी के पुलिस चौकी प्रभारी चिंत राम ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों घायलों की पहचान दर्शन (21) और रामदेई (23) के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं और दोनों का उपचार चल रहा है। घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है।