Edited By Vijay, Updated: 01 Jun, 2026 05:53 PM

पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा ने जिला में शानदार प्रदर्शन किया है और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत दावेदारी ठोकी है। जिला परिषद चुनावों में तो भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर दिया है।
हमीरपुर (राजीव): पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा ने जिला में शानदार प्रदर्शन किया है और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत दावेदारी ठोकी है। जिला परिषद चुनावों में तो भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर दिया है। जिला के कुल 19 वार्डों में भाजपा को 15 में जीत मिली है जबकि 3 में भाजपा के बागी चुनाव जीते और कांग्रेस को सिर्फ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभ क्षेत्र नादौन में एक जिला परिषद वार्ड अमलैहड़ में ही जीत मिली है। जिला में भाजपा करीब पिछले 30 वर्षों से जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदों पर काबिज है, लेकिन इस बार भाजपा की एकतरफा जीत ने सारे पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। इस बार भी जिला परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा का कब्जा तय माना जा रहा है।
पंचायती राज चुनावों खासकर जिला परिषद चुनावों में जिला से कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं की साख दांव पर लगी थी, क्योंकि जिला से कांग्रेस को पहली बार मुख्यमंत्री मिला था, लेकिन कांग्रेस के जिला के तमाम बड़े नेता सत्ता में होने के बावजूद पंचायतीराज चुनावों में जनता की नजरों पर खरे नहीं उतरे और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। जिला से कांग्रेस के 3 विधायक और आधा दर्जन चेयरमैनों की फौज होने के बावजूद कांग्रेस एक ही जिला परिषद सीट जीत पाई है और वह भी मुख्यमंत्री के प्रभाव वाले क्षेत्र में ही। उधर, भाजपा के लिए जिला परिषद चुनाव किसी संजीवनी से कम नहीं हैं। भाजपा ने एकजुटता से जिला परिषद चुनाव लड़ा और रिकॉर्ड जीत दर्ज की।
जिला परिषद चुनावों में राणा, आशीष, इंद्रदत्त और अग्निहोत्री को मिली मजबूती
जिला परिषद चुनावों में भाजपा के सदर विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा का शानदार प्रदर्शन रहा है। सदर विधायक आशीष शर्मा ने अपने तीनों जिला परिषद वार्डों पर जीत हासिल की है, जबकि बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी अपने चारों जिला परिषद वार्डों में जीत हासिल की है। वहीं पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा ने भी 4 में से 3 वार्डों में जीत हासिल की है और चौथे पर ऊहल वार्ड से जो बागी होकर चुनाव में ज्योति ठाकुर उतरी थी वह भी चुनाव जीती है, यानि यहां भी कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई है। इसी तरह भोरंज विस क्षेत्र में भी 2 वार्डों में भाजपा जीती है और 2 में भाजपा के बागी चुनाव जीते हैं तथा यहां भी कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई है।
19 वार्डों से नए जिला परिषद सदस्य
जिला परिषद वार्ड नंबर-1 बीड़ बगेहड़ा से तृप्ता देवी (भाजपा), वार्ड-2 पनोह से आशा देवी (भाजपा), वार्ड-3 दरोगण पत्ती कोट से मनजीत सिंह (भाजपा), वार्ड-4 उहल से ज्योति ठाकुर (निर्दलीय), वार्ड-5 जंगल रोपा से सोनी कुमार (भाजपा), वार्ड-6 ताल से सुरेश सोनी (भाजपा), वार्ड-7 चमनेड़ से रोहित शर्मा (भाजपा), वार्ड-8 बधाणी से रजनी देवी (भाजपा), वार्ड-9 धमरोल से अनिता शर्मा (भाजपा), वार्ड-10 जाहू से पवन कुमार (निर्दलीय), वार्ड-11 महल से अनिता देवी (निर्दलीय), वार्ड-12 करेर से गुरदीप सिंह (भाजपा), वार्ड-13 बिझड़ी से विकास कुमार (भाजपा), वार्ड-14 झंझयाणी से रामेश्वर दत्त (भाजपा), वार्ड- 15 दांदड़ू से रेणु बाला, वार्ड-16 लहड़ा से रंजना कुमारी (भाजपा), वार्ड-17 मालग से वंदना कुमारी (भाजपा), वार्ड-18 अमलैहड़ से रविंद्र कुमार (कांग्रेस) तथा वार्ड-19 सपड़ोह से नीलम कुमारी (भाजपा) ने चुनाव जीता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें