Edited By kirti, Updated: 25 Dec, 2018 11:29 AM
मनाली के क्लब हाऊस में इस बार क्रिसमस क्वीन नहीं चुनी जाएगी और न ही कोई जश्न मनाया जाएगा। पर्यटन निगम द्वारा आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम को इस बार आयोजित नहीं किया जा रहा है। पिछले डेढ़ दशक से मनाली में पर्यटन निगम क्रिसमस पर क्लब हाऊस में...
मनाली : मनाली के क्लब हाऊस में इस बार क्रिसमस क्वीन नहीं चुनी जाएगी और न ही कोई जश्न मनाया जाएगा। पर्यटन निगम द्वारा आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम को इस बार आयोजित नहीं किया जा रहा है। पिछले डेढ़ दशक से मनाली में पर्यटन निगम क्रिसमस पर क्लब हाऊस में सैलानियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है और इस दौरान क्रिसमस क्वीन का भी निगम चयन करता था लेकिन यह पहला अवसर है कि जब पर्यटन निगम इस आयोजन को नहीं कर रहा है। इसका कारण पर्यटन निगम के होटलों में ऑनलाइन बुकिंग घटने व मनाली के ट्रैफिक जाम को बताया जा रहा है।
नववर्ष की संध्या को पर्यटन निगम मनाली में बनाएगा यादगार
निगम के अधिकारियों की मानें तो क्रिसमस पर मनाली में अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहता है, लिहाजा मालरोड से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित क्लब हाऊस तक पहुंचना सैलानियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता है। निगम के अधिकारियों की मानें तो इस बार पर्यटन निगम न्यू ईयर का जश्न क्लब हाऊस में मनाएगा और उस दौरान न्यू ईयर क्वीन का चयन भी किया जाएगा। इसे लेकर पर्यटन निगम ने अपनी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। पर्यटन निगम के डी.जी.एम. अरविंद सेन का कहना है कि इस बार न्यू ईयर ईव मनाली के क्लब हाऊस में मनाई जाएगी। इस दौरान न्यू ईयर क्वीन का भी चयन होगा। सैलानियों की नववर्ष की संध्या को पर्यटन निगम मनाली में यादगार बनाएगा।