Edited By Kuldeep, Updated: 22 Mar, 2021 08:48 PM
नेरवा कालेज मार्ग पर सोमवार शाम को एक कार लुढ़क कर करीब 100 फुट नीचे जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
नेरवा (राजिंद्र): नेरवा कालेज मार्ग पर सोमवार शाम को एक कार लुढ़क कर करीब 100 फुट नीचे जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। जानकारी के मुताबिक मारुति कार (संख्या एच.पी. 08 ए 1599) नेरवा से सांडली की तरफ जा रही थी कि नेरवा कालेज से करीब तीन सौ मीटर पहले यह दर्दनाक हादसा पेश आ गया। कार कालेज मार्ग की तीसरी कैंची से लुढ़क कर पहली कैंची के समीप सड़क पर जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें तीन सांडली निवासी एवं एक बोहराड़ निवासी था। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए एवं कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार को सुरेंद्र सिंह चला रहा था। एस.डी.पी.ओ. चौपाल राज कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नेरवा थाने में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों की पहचान मोहिंद्र सिंह ठाकुर (40) पुत्र स्व. नारायण सिंह ठाकुर, काना सिंह ठाकुर (40) पुत्र स्व. जालम सिंह, सुनील ठाकुर पुत्र भीम सिंह ठाकुर तीनों निवासी गांव सांडली डाकघर देइया तहसील नेरवा, जिला शिमला एवं सुरेंद्र सिंह (33) पुत्र हेत राम गांग निवासी बोहराड़ डाकघर एवं तहसील नेरवा जिला शिमला के रूप में हुई है। प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को तहसीलदार नेरवा अरुण कुमार ने 15-15 हजार रुपए की फौरी राहत दी। शवों को नेरवा अस्पताल में पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों के हवाले कर दिया गया है। चौपाल के पूर्व विधायक डा. सुभाष चंद मंगलेट, पूर्व विधायक योगेंद्र चंद एवं पूर्व में चौपाल से कांग्रेस प्रत्याशी रहे कंवर उदय सिंह ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उधर, इस हादसे के बाद नेरवा में शोक की लहर दौड़ गई है।