Edited By Vijay, Updated: 09 Jun, 2019 07:01 PM
नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मैडीकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार कॉलेज के मैटरनिटी वार्ड में बच्चा बदलने के आरोप लगे हैं। अस्पताल में महिला की डिलीवरी करवाने पहुंचे परिजनों का आरोप है कि शनिवार देर रात जब महिला की डिलीवरी हुई तो...
नाहन (सतीश): नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मैडीकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार कॉलेज के मैटरनिटी वार्ड में बच्चा बदलने के आरोप लगे हैं। अस्पताल में महिला की डिलीवरी करवाने पहुंचे परिजनों का आरोप है कि शनिवार देर रात जब महिला की डिलीवरी हुई तो महिला को लड़का पैदा हुआ था यहां तक कि महिला की सास व महिला के पति को बच्चा दिखाया भी गया। फिर बच्चे को फुट प्रिंट के लिए दोबारा ले जाया गया और फिर परिजनों को लड़का न थमा कर लड़की थमा दी गई। नवजात की दादी ने बताया कि रात को अस्पताल में 3 डिलीवरी हुई थीं और इसी दौरान उनके बच्चे की अदला-बदली की गई। उन्होंने इस बात की हैरानी जताई कि पहले उन्हें नवजात लड़का थमाया गया और उसके बाद लड़की।
असमंजस में परिवार, हकीकत में कौन है उनका बच्चा
परिजनों का कहना है कि मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज की है और डी.एन.ए. टैस्ट करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि बेटा हो या बेटी उन्हें इस बात का कोई मलाल नहीं है लेकिन इस बात को लेकर उन्हें जरूर शिकायत है कि पहले उन्हें बेटा थमाया गया और उसके बाद बेटी, ऐसे में वे असमंजस में हैं कि हकीकत में उनका बच्चा कौन सा है। वे चाहते हैं कि उन्हें अपना बच्चा मिले।
डी.एन.ए. टैस्ट करवाने में जुटी पुलिस
वहीं पुलिस ने भी परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि परिजनों की मांग पर डी.एन.ए. टैस्ट करवाया जा रहा है, जिसके बाद हकीकत सामने आ जाएगी। कुल मिलाकर इस मामले ने मैडीकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं, ऐसे में लगता है कि कहीं न कहीं मामले में कोताही जरूर हुई है।