Edited By Ekta, Updated: 17 Feb, 2019 11:30 AM
नगर निगम वित्त वर्ष 2019-20 का प्रस्तावित बजट 21 फरवरी को पेश करेगा। शनिवार को वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में बजट की तारीख को तय कर लिया गया है। बजट में शहर की आम जनता के लिए कई नई योजनाएं नगर निगम शामिल करने जा रहा है। शनिवार को मेयर...
शिमला (वंदना): नगर निगम वित्त वर्ष 2019-20 का प्रस्तावित बजट 21 फरवरी को पेश करेगा। शनिवार को वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में बजट की तारीख को तय कर लिया गया है। बजट में शहर की आम जनता के लिए कई नई योजनाएं नगर निगम शामिल करने जा रहा है। शनिवार को मेयर कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस दौरान सैहब सोसायटी में 13 सुपरवाइजरों की भर्ती करने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम ने बीते दिनों गारबेज कलैक्शन फीस में लाखों का घोटाला करने पर 13 सुपरवाइजरों को नौकरी से निकाल दिया था अब इनकी जगह पर सहायक सुपरवाइजरों को सुपरवाइजर बनाया जाएगा ताकि गाबरेज फीस कलैक्शन का कार्य सही तरीके से हो सके।
हर महीने कूड़े की फीस कलैक्शन गिरती जा रही है, ऐसे में प्रशासन ने सुपरवाइजरों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक ने मामले को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके अलावा साधारण कृत्य कारक समिति की बैठक में शहर में बन रहे इकलौते दादा-दादी पार्क को रानी झांसी पार्क में शिफ्ट करने के फैसले को स्वीकृति प्रदान की गई है। मौजूदा समय में जोधा निवास में पार्क का निर्माण कार्य किया जा रहा है लेकिन यहां पर टूटीकंडी रोप-वे का चौथा टर्मिनल बनना है, जैसे ही रोप-वे का काम शुरू होगा निगम पार्क को साथ लगते रानी झांसी पार्क में स्थानांतरित कर देगा।
शहर में नगर निगम की छोटी-बड़ी 17 कार पार्किंग हैं जिनको पिछले कई सालों से ठेकेदार नहीं मिल रहा है। एम.सी. की ओर से कई बार निविदाएं मांगी गई थीं, ऐसे में नगर निगम यहां पर अपने सुपरवाइजर तैनात कर कमाई करेगा, साथ ही स्थानीय पार्षद के सहयोग से आम जनता भी पार्किंग स्लॉट बनाकर पार्किंग ले सकती है। मेयर कुसुम सदरेट ने कहा कि एफ.सी.पी.सी. और जी.एफ.सी. की बैठकों में शहर के विकास कार्यों को लेकर कई निर्णय लिए गए हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त पंकज राय, पार्षद सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
एस.डी.ओ. प्रमोशन का मामला सरकार को भेजा जाएगा
नगर निगम के बी.एंड आर. शाखा में कार्यरत एस.डी.ओ. को पदोन्नति प्रदान करने का मामला प्रदेश सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। जी.एफ.सी. की बैठक में प्रशासन की ओर से मामले को स्वीकृति के लिए रखा गया था। सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद मामला सरकार को भेजा जाएगा।
रिज के पास बने टॉयलेट की जगह बनेगा ई-टॉयलेट
रिज पर रिजट्स सिनेमा के पास बने शौचालयों को नगर निगम डिस्मैंटल कर यहां पर ई-टॉयलेट बनाएगा। शनिवार को समिति की बैठक में मामले को मंजूरी प्रदान कर दी है।