Edited By Vijay, Updated: 26 May, 2019 07:57 PM
प्रदेश की जनता ने कुछ मुद्दों पर बेहतर मार्कीटिंग से प्रभावित होकर भाजपा को हर क्षेत्र में समर्थन दिया है और भाजपा के नेता अभी से इस जनादेश पर आभार के स्थान पर अहंकार जैसे व्यवहार को दिखा रहे हैं। यह बात यहां जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश...
ऊना (सुरेन्द्र): प्रदेश की जनता ने कुछ मुद्दों पर बेहतर मार्कीटिंग से प्रभावित होकर भाजपा को हर क्षेत्र में समर्थन दिया है और भाजपा के नेता अभी से इस जनादेश पर आभार के स्थान पर अहंकार जैसे व्यवहार को दिखा रहे हैं। यह बात यहां जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि राजनीति कांग्रेस के लिए सेवा का माध्यम रही है। हार व जीत सिक्के के 2 पहलू हैं। पार्टी निश्चित रूप से मंथन कर नई ऊर्जा व उत्साह के साथ वापसी करेगी।
विकास पर फोकस करे भाजपा
उन्होंने कहा कि देश में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान है। भाजपा विकास पर फोकस करे और जो वायदे किए हैं उन पर काम करे। प्रधानमंत्री के रूप में दूसरी बार सत्ता में आ रहे नरेंद्र मोदी बेरोजगारी, महंगाई व जी.एस.टी. सहित देश में सबके लिए सौहार्द बनाने जैसे मसलों पर ध्यान दें। हिमाचल के साथ किए गए वायदों का पूरा करें। पिछले समय में प्रदेश के साथ सिर्फ कागजी वायदे किए गए हैं। कोई भी काम जमीन पर नहीं उतरा।
कार्यकर्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पूरी टीम ने चुनाव लड़ा। परिणाम आशा के अनुरूप नहीं आया, इससे पीछे हटने या घबराने की जरूरत कार्यकर्ताओं को नहीं है। कार्यकर्ता ही संगठन की मजबूत कड़ी हैं और हर क्षेत्र में कार्यकर्ता को तरजीह मिले और बात सुनी जाए, इसका मैं सदैव पक्षधर रहा हूं। निश्चित रूप से आने वाले समय में कांग्रेस नेतृत्व हर स्तर पर कार्यकर्ता से संवाद करेगा। जो भी निर्णय पार्टी हित में लेने होंगे उन्हें लिया जाएगा।
वर्तमान समय हम सबके लिए चुनौतीपूर्ण
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय हम सबके लिए चुनौतीपूर्ण है। हमें संयम और धैर्य के साथ पार्टी लाइन पर चलना है। आज समय सबको एकता के सूत्र में पिरोकर आगे बढऩे का है। कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय व प्रदेश संगठन निश्चित रूप से बेहतरी के लिए काम करेगा।