Edited By Vijay, Updated: 02 Feb, 2021 09:35 PM
मौसम साफ होते ही मंगलवार को पुलिस ने सैलानियों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी है। सासे ने भी हिमस्खलन गिरने की चेतावनी दी थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने अटल टनल सैलानियों के लिए बंद कर दी थी।
मनाली (ब्यूरो): मौसम साफ होते ही मंगलवार को पुलिस ने सैलानियों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी है। सासे ने भी हिमस्खलन गिरने की चेतावनी दी थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने अटल टनल सैलानियों के लिए बंद कर दी थी। सुबह के समय पुलिस ने किसी को भी सोलंगनाला से आगे जाने नहीं दिया लेकिन धूप खिलने के बाद 10 बजे पुलिस ने हालात सामान्य देख सभी पर्यटकों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी है।
लाहौल में भी धूप खिली है। मौसम को देखते हुए पर्यटकों को अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल व सिस्सू तक आने की अनुमति दे दी है। मनाली के डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि सासे द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए मंगलवार सुबह पर्यटकों के अटल टनल की ओर जाने पर रोक लगाई थी, वहीं मौसम विभाग ने 3 से 5 फरवरी तक कुल्लू जिला में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है।
उधर, कुल्लू की डीसी डॉ. ऋचा वर्मा ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि ऊपरी पहाड़ों और बर्फीले क्षेत्रों में न जाएं। बर्फबारी में कोहरा, सड़कों पर फिसलन, भू-स्खलन और हिमस्खलन का खतरा ज्यादा है। आपातकालीन स्थिति के अलावा अटल टनल यातायात के लिए बंद रहेगी और पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।