Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2022 12:24 AM
हिमाचल में मानसून में बारिश जमकर हो रही है लेकिन मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि नुक्सान अधिक हुआ है। प्रदेश में अब तक 1014 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है।
शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून में बारिश जमकर हो रही है लेकिन मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि नुक्सान अधिक हुआ है। प्रदेश में अब तक 1014 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। वहीं 206 लोगों की जान जा चुकी है। 387 लोग घायल हैं। वहीं 7 लोग अभी भी लापता हैं। प्रदेश में मानसून सीजन अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में और अधिक नुक्सान होने की संभावना है। बीते मंगलवार को प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में नुक्सान हुआ है। राजधानी शिमला में ही भारी बारिश से आधा दर्जन पेड़ गिरे हैं। शहर के हिमलैंड और टॉलैंड में आधी रात को भूस्खलन हो गया। भूस्खलन की चपेट में आने से करीब 6 गाड़ियों को नुक्सान पहुंचा है। वहीं एनएच-205 शिमला के बंगोरा होटल हिल स्टार के सामने भूस्खलन की वजह से बंद हो गया, ऐसे में वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक मार्ग गलोग, धामी, सोलह मील होते हुए की जा रही है।
प्रदेश में बारिश के चलते 82 सड़कें बंद
राज्य आपदा प्रबंधन की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में बारिश के चलते 82 सड़क मार्ग बंद रहे। बारिश के चलते सबसे अधिक कुल्लू में 49 मार्ग बंद रहे, ऐसे में लोग अपने गंतव्य स्थानों तक नहीं पहुंच पाए। इसी तरह चम्बा में 16, कांगड़ा में 3 और किन्नौर व लाहौल-स्पीति में एक-एक मार्ग बंद रहा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 13 ट्रांसफार्मर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं 10 पेयजल योजनाएं ठप्प रहीं।
आज मौसम साफ, कल से बारिश
प्रदेश में वीरवार को मौसम साफ रहने वाला है। हालांकि इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश की हल्की बौछारें गिर सकती हैं, लेकिन 19 और 20 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here