Edited By Swati Sharma, Updated: 25 Sep, 2026 04:12 PM

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास की नींव पंचायत घरों से रखी जाती है, इसलिए पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता है।
Shimla News : ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास की नींव पंचायत घरों से रखी जाती है, इसलिए पंचायतों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता है। अनिरुद्ध सिंह ने शुक्रवार को मेहली पंचायत के नए पंचायत सामुदायिक घर का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर हर्बल गार्डन का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने घोरपा से शिलडी सड़क का शिलान्यास भी किया।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि 01 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए पंचायत भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। भवन में पंचायत सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय, प्रधान एवं पंचायत सचिव के कार्यालय, ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) कक्ष, रसोईघर और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी प्रकार के नए पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां नए पंचायत भवनों का डिजाइन एक समान रखा गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेहली पंचायत में पिछले दो वर्षों के दौरान लगभग 50 लाख रुपये विकास कार्यों पर व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही बहुउद्देशीय पार्किंग सुविधा से युक्त भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की भी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
नशे से दूर रहें और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं युवा
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि क्षेत्र में एक बड़े खेल मैदान के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और आगामी समय में इसे विकसित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है इसलिए युवाओं को स्वरोजगार के साधन विकसित करने चाहिए। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रदेश के 150 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड के तहत मान्यता दी गई है। उन्होंने मेहली स्कूल के निर्माणाधीन भवन में चार नए शौचालय बनाने की घोषणा की। साथ ही, स्कूल में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली में हर्बल गार्डन का उद्घाटन किया। हर्बल गार्डन के माध्यम से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों एवं उनके महत्व की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें