Edited By Vijay, Updated: 31 Jul, 2018 06:30 PM
पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म व उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पेशे से मिस्त्री अमनदीप ने उक्त लड़की को अपने जाल में फंसाने के लिए अपने आप को बी.सी.ए. का स्टूडैंट बताया और उसे उससे दुष्कर्म करता रहा।
सोलन (चिनमय): पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म व उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पेशे से मिस्त्री अमनदीप ने उक्त लड़की को अपने जाल में फंसाने के लिए अपने आप को बी.सी.ए. का स्टूडैंट बताया और उसे उससे दुष्कर्म करता रहा। जब उसका लड़की से दिल भर गया तो उससे पीछा छुड़ाने के लिए उसे बदनाम करने लग गया। यहां तक की उसने लड़की की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं। जब इस बात का खुलासा हुआ तो उक्त नाबालिग लड़की के परिजनों ने इस घटना की शिकायत पुलिस में की, जिस पर पुलिस ने धारा 376 और पोस्को एक्ट के तहत नलोगी के रहने वाले इस युवक को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर 13 अगस्त तक उसे ज्यूडीशियल रिमांड पर ले लिया।
वीडियो चैट में अश्लील तस्वीरें खींच कर कीं वायरल
मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने बताया कि अमनदीप नामक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग लड़की को झूठी बातों में फंसा कर उससे दुष्कर्म किया और फिर वीडियो चैट में उसकी अश्लील तस्वीरें खींच कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं ताकि उसे बदनाम किया जा सके। उन्होंने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जालसाज युवकों के झांसे में न आएं युवतियां
उन्होंने युवतियों को आगाह करते हुए कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर जाल बिछा कर युवक उन्हें झांसे में लेकर उनसे दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराधों को अंजाम दे रहे हैं, इसलिए कोई भी युवती उनके झांसे में न आए।