Edited By Ekta, Updated: 07 Nov, 2019 10:54 AM
राम बाजार में अवैध निर्माण होने पर नगर निगम प्रशासन ने कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी कर दिया है। प्रशासन ने नोटिस में कनिष्ठ अभियंता से पूछा है आखिर कैसे राम बाजार में इतना अधिक अवैध निर्माण हो गया, इस पर समय रहते जे.ई. ने कार्रवाई क्यों नहीं की।...
शिमला (वंदना): राम बाजार में अवैध निर्माण होने पर नगर निगम प्रशासन ने कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी कर दिया है। प्रशासन ने नोटिस में कनिष्ठ अभियंता से पूछा है आखिर कैसे राम बाजार में इतना अधिक अवैध निर्माण हो गया, इस पर समय रहते जे.ई. ने कार्रवाई क्यों नहीं की। जे.ई. को 7 दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देना होगा, वहीं नगर निगम प्रशासन ने माना है कि राम बाजार में अवैध निर्माण के मामले प्रशासन की लापरवाही के कारण हुए हैं, ऐसे में इस मामले पर जो भी कर्मचारी व अधिकारी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निगम प्रशासन राम बाजार में अवैध निर्माण करने को लेकर अब जांच में जुट गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि कनिष्ठ अभियंताओं को फील्ड में रहकर अवैध निर्माण रोकने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन इतने सालों से कनिष्ठ अभियंता के फील्ड में रहते हुए आखिर कैसे राम बाजार में अवैध निर्माण को अंजाम दिया। इसकी शिकायत कभी भी प्रशासन को नहीं की गई है, ऐसे में मामले में दोषी कर्मचारी व अधिकारी पर गाज गिरना तय हो गया है। राम बाजार में बीते दिनों नगर निगम की टीम ने 40 से अधिक अवैध पक्के स्ट्रक्चर को तोड़ा है, जिससे कर्मचारियों व अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठना शुरू हो गए हैं, ऐसे में अब प्रशासन गंभीर हो गया है और मामले की जांच में जुट गया है।
शहर में बढ़ रहे अवैध निर्माण के मामले
शहर के कई हिस्सों में अवैध निर्माण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। लोग गुपचुप तरीके से अपने मकान व दुकानों का विस्तार कर रहे हैं, जिससे नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। एम.सी. के पास रोजाना अवैध निर्माण होने को लेकर शिकायतें पहुंच रही हैं, जिसको लेकर ए.पी. ब्रांच के कनिष्ठ अभियंता व ए.पी. मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। बुधवार को भी संजौली, कृष्णनगर व लालपानी क्षेत्र में अवैध निर्माण होने को लेकर प्रशासन के पास शिकायतें पहुंची हैं जिस पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम बंद करवाया है।