Edited By Punjab Kesari, Updated: 11 Jul, 2017 09:30 AM
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बयानबाजी करने के बाद हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष पद से हटाए गए पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया की...
शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बयानबाजी करने के बाद हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष पद से हटाए गए पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया की आड़ में कांग्रेस का विरोधी खेमा सक्रिय हो गया है। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली, सी.पी.एस. राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह राठौर की मेजर विजय सिंह मनकोटिया से हुई मंत्रणा ने इस तरह की अफवाहों को हवा दी है। शिमला जिला कांग्रेस कमेटी शहरी अध्यक्ष प्रदीप सिंह भुज्जा और नगर निगम में कांग्रेस के पार्षद राकेश भी इस अवसर पर मौजूद थे। जब संपर्क किया गया तो प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नेताओं ने कहा कि मनकोटिया रिज पर टहलते हुए मिल गए तो उनके साथ चाय पी ली। लिहाजा इसे सियासत से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है।
बाली एक बार मंत्री पद को छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के जो नेता सोमवार को मनकोटिया के साथ नजर आए, उनका मुख्यमंत्री से टकराव चलता रहा है। बाली एक बार मंत्री पद को छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं। कई बार वे अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते नजर आते हैं। राजेश धर्माणी मतभेद के चलते सी.पी.एस. पद छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में लंबे समय तक महासचिव के पद पर रहे कुलदीप सिंह राठौर भी मुख्यमंत्री से कई बार नाराजगी जता चुके हैं। बाली से जब इस बारे संपर्क किया गया तो वे प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं हुए, लेकिन सी.पी.एस. राजेश धर्माणी और राठौर ने कहा कि मनकोटिया टहलते हुए मिल गए थे।