Edited By Vijay, Updated: 30 May, 2019 08:34 PM
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत आते पालमपुर उपमंडल के पट्टी गांव की मनीषा ठाकुर ने मिस कैपिटल ऑफ इंडिया 2019 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मनीषा ठाकुर मिस कैपिटल ऑफ इंडिया की सैकेंड रनरअप रही हैं।
पालमपुर (मुनीष दीक्षित): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत आते पालमपुर उपमंडल के पट्टी गांव की मनीषा ठाकुर ने मिस कैपिटल ऑफ इंडिया 2019 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मनीषा ठाकुर मिस कैपिटल ऑफ इंडिया की सैकेंड रनरअप रही हैं। मनीषा इस समय लुफ्थांसा इंटरनैशनल एयरलाइंस में फ्लाइट अटैंडैंट के रूप में सेवाएं दे रही हैं। मनीषा ठाकुर की प्रारंभिक पढ़ाई सैक्रेड हार्ट स्कूल धर्मशाला में हुई है। इसके बाद एयरफोर्स स्कूल में पढ़ाई करने के बाद मनीषा ने डॉ. वाई.एस. परमार यूनिवर्सिटी सोलन से एम.बी.ए. की पढ़ाई की तथा पिछले करीब 7 साल से वह लुफ्थांसा एयरलाइंस में सेवाएं दे रही हैं।
मिस स्टाइल आईकन में भी सम्मानित हो चुकी हैं मनीषा
फैशन जगत में रुचि होने के कारण मनीषा ठाकुर इससे जुड़ी कई प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले चुकी हैं। इसी माह उन्हें दिल्ली में हुई मिस स्टाइल आईकन में भी सम्मानित किया गया था। इसके बाद मनीषा ने मिस कैपिटल ऑफ इंडिया में सैकेंड रनरअप का खिताब हासिल किया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए करीब 4000 युवतियों ने ऑडिशन दिया था, इसमें 49 का चयन हुआ था। अंत में केवल 12 युवतियों को ही इसमें स्थान मिल पाया। इसमें मनीषा ठाकुर भी एक है।
प्रसिद्ध कोरियोग्राफर शाई लोबो से ली रैंप वॉक की ट्रेनिंग
मनीषा ठाकुर के पिता कर्नल राजमल भरमौरिया सेना से सेवानिवृत्त हैं तथा माता प्रेम लता ठाकुर शिक्षा विभाग से प्राध्यापिका के रूप में सेवानिवृत्त हुई हैं। मनीषा ने बताया कि उसे रैंप वॉक की ट्रेनिंग प्रसिद्ध कोरियोग्राफर शाई लोबो से लेने का सौभाग्य मिला है। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में हिमाचल से 2 युवतियां आगे रही हैं। इसमें जिला कांगड़ा की नैंसी डढवाल व मनीषा ठाकुर शामिल हैं।
बेहतरीन मॉडलिंग करना है लक्ष्य
मनीषा ठाकुर ने बताया कि हमेशा से ही उसकी माडलिंग में रुचि रही है और इसमें उसे सफलता भी मिली है। उसका लक्ष्य बेहतरीन मॉडलिंग करना है तथा टैलीविजन सीरियल की दुनिया में कदम रखना भी है।