Edited By Punjab Kesari, Updated: 13 Feb, 2018 07:33 PM
मंडी जिला के अराध्य माने जाने वाले देव कमरूनाग मंगलवार को मंडी पहुंच गए। मंडी पहुंचने पर प्रशासन की तरफ से डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने उनका राज माधव राय मंदिर के बाहर हार पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद देव कमरूनाग की छड़ी का राज माधव राय मंदिर ले जाया...
मंडी(नीरज): मंडी जिला के अराध्य माने जाने वाले देव कमरूनाग मंगलवार को मंडी पहुंच गए। मंडी पहुंचने पर प्रशासन की तरफ से डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने उनका राज माधव राय मंदिर के बाहर हार पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद देव कमरूनाग की छड़ी का राज माधव राय मंदिर ले जाया गया और उपरांत इसके देवता राज परिवार के सदस्यों के साथ मिलने पहुंचे। यहां पर राज परिवार के सदस्यों ने पूरे पारंपरिक तरीके से देव कमरूनाग का स्वागत किया। उपरांत इसके देव कमरूनाग टारना माता मंदिर पहुंचे और यहां विराजमान हुए। अब देव कमरूनाग अगले 8 दिनों तक इसी मंदिर में रूककर अपने भक्तों को दर्शन देंगे। बता दें कि 15 से 21 फरवरी तक मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने पर ही माना जाता है।
216 पंजीकृत देवी-देवताओं को प्रशासन ने निमंत्रण भेज दिया
वहीं डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि प्रशासन ने शिवरात्रि महोत्सव की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। 15 फरवरी को सीएम जयराम ठाकुर शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे और 21 फरवरी को राज्यपाल आचार्य देवव्रत इसका समापन करेंगे। 216 पंजीकृत देवी-देवताओं को प्रशासन ने निमंत्रण भेज दिया है और इनके मंडी पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। महोत्सव में 6 सांस्कृतिक संध्याएं होंगी जिसमें इस बार प्रदेश के कलाकारों को पूरा मौका देने का प्रयास किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर से इस बार कजाकिस्तान का दल यहां आकर अपनी प्रस्तुति देगा। यह प्रस्तुति 19 और 20 फरवरी की सांस्कृतिक संध्याओं में होगी।
16 को देवचर्चा कार्यक्रम का आयोजन
महोत्सव के दौरान पड्डल मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जाएगा जबकि शहर के बीचों बीच स्थित इंदिरा मार्किट की छत पर सरस मेला लगाया जाएगा। इस बार मेले में 110 दुकानें सजेंगी जिसमें 21 राज्यों से आए लोग हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री करेंगे। इसके साथ ही इस बार महोत्सव में फोटोग्राफी प्रतियोगिता और सोशल मीडिया से संबंधित एक प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। 17 और 19 फरवरी को देवनाटी होगी जबकि 16 को देवचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं देवी-देवताओं के इतिहास से संबंधित अलग से एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया गया है जिसका विमोचन सीएम जय राम ठाकुर करेंगे।
मंडी शहर को भव्य तरीके से सजाया
सीएम बनने के बाद जयराम ठाकुर अपने गृहजिला के सबसे बड़े महोत्सव में भाग लेने आ रहे हैं इसलिए प्रशासन ने पूरे मंडी शहर को भव्य तरीके से सजाया है। महोत्सव के दौरान अधिक पगडि़यों का भी प्रावधान किया गया है। वहीं महोत्सव को लेकर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है जिसमें फुटबाल, हाकी और मैराथन का आयोजन पहले ही हो चुका है जबकि वालीबॉल, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन महोत्सव के दौरान किया जाएगा।