Edited By Kuldeep, Updated: 07 Dec, 2020 06:56 PM
अटल टनल रोहतांग 3 दिन बाद सैलानियों के लिए बहाल हो गई है। मनाली आने वाले पर्यटकों के लिए टनल पहली पसंद बनी हुई है लेकिन बर्फबारी होने के कारण प्रशासन ने पर्यटकों के टनल पार जाने पर रोक लगा दी थी।
मनाली: अटल टनल रोहतांग 3 दिन बाद सैलानियों के लिए बहाल हो गई है। मनाली आने वाले पर्यटकों के लिए टनल पहली पसंद बनी हुई है लेकिन बर्फबारी होने के कारण प्रशासन ने पर्यटकों के टनल पार जाने पर रोक लगा दी थी। सोमवार को पर्यटक अटल टनल पार कर लाहौल के नॉर्थ पोर्टल सिस्सू जा पहुंचे। सिस्सू के पास पानी जमने से सफर जोखिम भरा हो गया है। मनाली-केलांग मार्ग पर फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही ही जारी है। प्रशासन का कहना है कि अटल टनल पर पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।
पर्यटकों ने सुबह के समय अटल टनल सहित शीत मरुस्थल लाहौल के दीदार किए। सिस्सू पंचायत की प्रधान सुमन ठाकुर ने बताया कि सोमवार को सिस्सू, नर्सरी व नॉर्थ पोर्टल में पर्यटकों से चहल-पहल बढ़ गई। पर्यटक सिस्सू में घूमकर वापसी में सोलंगनाला में बर्फ की खेलों का आनंद ले रहे हैं। सोलंगनाला सहित धार्मिक पर्यटन स्थल अंजनि महादेव में भी पर्यटकों का मेला लगा रहा। एस.डी.एम. मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि अटल टनल रोहतांग पर पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी। एस.डी.एम. ने पर्यटकों से आग्रह किया कि सड़क में पानी जम रहा है, जिसे देखते हुए सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं।