Edited By Kuldeep, Updated: 30 Jul, 2018 09:26 PM
मनाली-रोहतांग मार्ग पर राहणीनाला में वाहन के खाई में लुढ़कने से 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बौद्ध धर्म के गुरुओं के रूप में हुई है।
मनाली: मनाली-रोहतांग मार्ग पर राहणीनाला में वाहन के खाई में लुढ़कने से 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बौद्ध धर्म के गुरुओं के रूप में हुई है। बौद्ध भिक्षु वाहन स्कोडा (नं. एच.आर. 26बी.क्यू.-6663) में सफर कर रहे थे कि राहणीनाला के पास वाहन लगभग 300 मीटर खाई में जा गिरा जिससे उनकी मौत हो गई। वाहन कब क्षतिग्रस्त हुआ था, उसकी सही जानकारी नहीं मिली है लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि वाहन रात को गिरा होगा। सोमवार दोपहर भेड़पालक की नजर क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी तो उसने यह जानकारी पुलिस को दी। मनाली के डी.एस.पी. शेर सिंह ने बताया कि मृतकों से मिले कार्ड के आधार पर शवों की पहचान भूटिया संगे थेंपेल दार्जीलिंग और संगे थिनलय पुत्र टेसरिंग तंडूप (32) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों मृतक कुल्लू के शाढ़ाबाई में धर्म गुरु थे। उन्होंने बताया कि शव मनाली लाए जा रहे हैं तथा उनके परिजनों से सम्पर्क किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।