Edited By prashant sharma, Updated: 21 Jul, 2020 06:00 PM
हमीरपुर के उपमंडल की पंचायत बड़ा में आजकल ग्रामीण दहशत के साए में जी रहे हैं। यहां एक तेंदुआ ग्रामीणों के बीच फैली इस दहशत की वजह बना हुआ है। ये तेंदुआ न केवल लोगों के घरों में घूमता हुआ देखा जा रहा है
हमीरपुर : हमीरपुर के उपमंडल की पंचायत बड़ा में आजकल ग्रामीण दहशत के साए में जी रहे हैं। यहां एक तेंदुआ ग्रामीणों के बीच फैली इस दहशत की वजह बना हुआ है। ये तेंदुआ न केवल लोगों के घरों में घूमता हुआ देखा जा रहा है, बल्कि कई लोगों को रास्तों में भी मिल रहा है। पंचायत के निवासियों का कहना है कि तेंदुए के इस तरह से घूमने से लोगों में भय का काफी माहौल व्याप्त है। अब उन्हें अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। घर की औरतें पशुओं को खेतों से चारा लाने के लिए भी डर रही हैं।
यही नहीं, सपडोह पंचायत के गांव तुरंगाल में भी लोगों को तेंदुए के सरेआम घूमने की शिकायतें मिली हैं। बड़ा पंचायत वासियों का कहना है कि हमने इसकी शिकायत पंचायत प्रधान से भी की है और समस्या का अतिशीघ्र निवारण करने का आग्रह किया है। ग्राम पंचायत बड़ा के प्रधान अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि लोगों की तेंदुए के मिलने की शिकायतें उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने इस बारे वन विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है। अतिशीघ्र समस्या को हल करने की मांग की है। वहीं वन विभाग के धनपुर बीट के फॉरेस्ट गॉर्ड चमन लाल ने इस संदर्भ में कहा कि लोगों की समस्या को अतिशीघ्र हल करने के लिए बड़ा पंचायत में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि तेंदुए को पकड़ कर लोगों में फैले दहशत के माहौल पर विराम लग सकें।