Edited By Vijay, Updated: 25 Apr, 2021 04:09 PM
खड़ामुख-भरमौर मार्ग पर लहाल ढांक में शनिवार देर शाम हुए भू-स्खलन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात के लिए बाधित हो गया है। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भरमौर (उत्तम): खड़ामुख-भरमौर मार्ग पर लहाल ढांक में शनिवार देर शाम हुए भू-स्खलन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात के लिए बाधित हो गया है। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि लहाल ढांक के लगभग आधा किलोमीटर के हिस्से में यह तीसरा बड़ा भू-स्खलन है। इससे पहले दो बार इस स्थान पर हुए भू-स्खलनों के कारण तीन दिन मार्ग बहाल करने में लग गए थे। शनिवार को भले ही कम मलबा गिरा हो, लेकिन इसे भी खोलने में विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
एनएच प्राधिकरण के जेई जगदीश चंद ने कहा कि मार्ग को शीघ्र बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारी बारिश के बाद क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों पर भी भू-स्खलनों के कारण कई मार्गों पर डंगे धंस गए हैं इन्हें खोलने में विभागीय मशीनरी जुटी हुई है लेकिन आमतौर पर बारिश के बाद जब मौसम साफ हो जाता है तो भू-स्खलनों का दौर भी उसके बाद ही शुरू होता है।
इसी के चलते कुगती, चोबिया, हरछू, सुप्पा व गरीमा आदि मार्गों पर कई स्थानों पर मलबा गिरने के कारण मार्ग बंद हो गए हैं। इन्हें खोलने में विभाग जुटा हुआ है। लोक निर्माण विभाग के जेई वीरेंद्र कपूर ने बताया कि सभी मार्गों की साइट विजिट कर ली गई है व गिरे डंगों व सड़कों पर गिरे मलबे को हटाया जा रहा है। अतिशीघ्र सभी संपर्क मार्ग बहाल कर दिए जाएंगे।