Edited By Ekta, Updated: 13 Jun, 2018 02:59 PM
कसौली धर्मपुर सड़क मार्ग पर प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 4 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने का कार्य शुरू कर दिया है। एस.डी.एम. सोलन रोहित राठौर व डी.एस.पी. परवाणू की अगुवाई में बुधवार को यह कार्य शुरू किया। जिला प्रशासन ने चार होटलों के...
सोलन (पाल): कसौली धर्मपुर सड़क मार्ग पर प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 4 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने का कार्य शुरू कर दिया है। एस.डी.एम. सोलन रोहित राठौर व डी.एस.पी. परवाणू की अगुवाई में बुधवार को यह कार्य शुरू किया। जिला प्रशासन ने चार होटलों के अवैध निर्माण को गिराने के लिए टेंडर लगाए हुए थे। अब ठेकेदार ने पुलिस, जिला प्रशासन व टी.एस.पी. की मौजूदगी में इस कार्य को शुरू किया। प्रशासन ने होटल पाइन व्यू, शिवालिक, बर्ड व्यू तथा सेवन पाइनज होटल के अवैध निर्माण के टेंडर किए है। बताया जा रहा है कि बुधवार को अवैध निर्माण की कार्रवाई शुरू करने से पूर्व डी.सी.सोलन विनोद कुमार व एस.पी. मधुसूदन शर्मा की अध्यक्षता में सभी अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक हुई। इसके बाद इस कार्य को शुरू किया गया।
यहां पर विदित रहे कि सहायक टाउन प्लानर शैल बाला व लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी गुलाब की हत्या का कारण बना कसौली-धर्मपुर में 13 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने का कार्य धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। अभी तक 4 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने का ही कार्य पूरा हुआ है जबकि 5 होटलों में यह कार्य अभी चला हुआ है और शेष 4 होटलों में यह फिलहाल बंद है क्योंकि प्रशासन ने इन होटलों के अवैध निर्माण को गिराने के लिए टेंडर किए हुए है। अब ठेकेदार द्वारा ही इन होटलों के अवैध निर्माण को गिराया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार न्यू शिवालिक, होटल विस्परिंग, सनजराइज होटल तथा नारायणी गेस्ट हाउस के अवैध निर्माण को गिराने का कार्य पूरा हो चुका है।
एक मई को नारायणी गेस्ट हाउस में हुए गोलीकांड में ए.टी.पी. अधिकारी शैल बाला की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि इस गोली कांड में गंभीर रूप से घायल हुए गुलाब की कुछ दिनों बाद पी.जी.आई में मौत हो गई है। पुलिस ने गोलीकांड के आरोप में विजय सिंह को गिर तार किया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कसौली-धर्मपुर में 13 होटलों के अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई 1 मई से शुरू हुई थी, पहले दिन ही यह गोलीकांड हो गया। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को जमकर फटकार लगाई थी। सरकार ने इस मामले में तत्कालीन एस.पी. सोलन मोहित चावला, डी.एस.पी. परवाणू रमेश शर्मा, नायब तहसीलदार कसौली जग पाल सिंह, कसौली एस.एच.ओ. दिलीप व एस.एच.ओ. धर्मपुर मदन ठाकुर को निलंबित कर दिया। इसके अलावा करीब 8 -9 पुलिस कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई।
इतना बड़ा कांड होने के बाद माना जा रहा था कि होटलों के अवैध निर्माण को गिराने का कार्य तेजी से होगा लेकिन कुछ दिनों बाद ही प्रशासन के हाथ खड़े शुरू होने लगे। प्रशासन ने होटल पाइन व्यू, शिवालिक, बर्ड व्यू तथा सेवन पाइनज होटल के अवैध निर्माण को गिराने के लिए टेंडर कर दिए। जिसे गिराने का कार्य आज शुरू हुआ। इसके अलावा निलगिरी, दीपशिखा, सुदेश कुमारी, एएए गैस्ट हाउस व ईशर स्वीट के अवैध निर्माण को भी गिराया जाना है। इसमें दो ने अवैध निर्माण को गिराने के लिए अपने स्तर पर टेंडर कर दिया है जबकि तीन अपने स्तर पर ही अवैध निर्माण को गिराने में लगे हुए है।