Edited By kirti, Updated: 18 Jan, 2019 05:40 PM
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय शिमला में हुए खूनखराबे की शिकायत कांग्रेसी नेताओं को जनमंच में करनी चाहिए। शिमला कार्यालय में हुई जूतम पैजार पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होने कहा...
ऊना (सुरेन्द्र): ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय शिमला में हुए खूनखराबे की शिकायत कांग्रेसी नेताओं को जनमंच में करनी चाहिए। शिमला कार्यालय में हुई जूतम पैजार पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी की वर्षों पुरानी संस्कृति की एक झलक शिमला में मिली है। वास्तव में कांग्रेस पार्टी की यही संस्कृति और सभ्यता है। कांग्रेस ने पूरे प्रदेश को अपने कृत्य से शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में पहुंचने के सपने देख रही कांग्रेस अपने ही नेताओं को नहीं संभाल पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में वर्चस्व के लिए हो रही जंग में कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया है। कांग्रेस के 2 बड़े नेताओं की आपसी लड़ाई को ठीक करने के लिए जयराम सरकार का जनमंच उचित मंच है और कांग्रेसी नेता चाहें तो अपनी शिकायत लेकर जनमंच में आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में जीत के सपने देखने वाली कांग्रेस की पहली झलक पूरे देश ने देखी है। पार्टी की ऐसी पुरानी संस्कृति रही है जिसका लोकतंत्र और मूल्य में कोई विश्वास ही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई कांड कांग्रेस के मंचों पर हो चुके हैं। परमाणु में अपने ही नेताओं पर जलते हुए टायर डालने से लेकर सिर फुटेल कांग्रेसी होते रहे हैं। अब तो खूनी संघर्ष की इंतहा हो गई है। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कांग्रेस के नेताओं को कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। जो अपनी भी पार्टी के नेताओं का खून खराबा करने से गुरेज नहीं करते वह आम जनता से कैसा सुलूक करते हैं, उसका अंदाजा लगाया जा सकता है।