Edited By Vijay, Updated: 10 Oct, 2020 06:02 PM
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार गरीबों एवं असहायों की सरकार है और जनसेवा का ध्येय लेकर यह सरकार पिछले अढ़ाई वर्षों से स्वर्णिम हिमाचल के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
डाडासीबा (सुनील): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार गरीबों एवं असहायों की सरकार है और जनसेवा का ध्येय लेकर यह सरकार पिछले अढ़ाई वर्षों से स्वर्णिम हिमाचल के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। परागपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पात्र लोगों को सहायता राशि के चैक वितरित करते हुए उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर ने यह बात कही।
उद्योग मंत्री ने शनिवार को 117 पात्र परिवारों को लगभग 25 लाख रुपए के चैक वितरित किए। इसमें ज्यादातर राशि गंभीर रूप से बीमार चल रहे रोगियों के उपचार हेतु आबंटित की गई। इसके अतिरिक्त पात्र बच्चों की पढ़ाई, कन्याओं के विवाह, घरों के सुधार एवं निर्माण, गरीबों व सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों की आर्थिक सहायता हेतु यह राशि वितरित की गई।
इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, तहसीलदार रक्कड़ कंचन कुमारी, शोभा रानी, अरुणा डोगरा व स्नेहलता परमार आदि सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।