Edited By Vijay, Updated: 31 May, 2026 05:55 PM

श्रीलंका में आयोजित एफआईबीए अंडर-18 महिला एशिया कप एसएबीए क्वालीफायर-2026 तथा एफआईबीए अंडर-18 पुरुष एशिया कप एसएबीए क्वालीफायर-2026 में भारतीय महिला व पुरुष अंडर-18 बास्केटबाल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
हमीरपुर (राजीव): श्रीलंका में आयोजित एफआईबीए अंडर-18 महिला एशिया कप एसएबीए क्वालीफायर-2026 तथा एफआईबीए अंडर-18 पुरुष एशिया कप एसएबीए क्वालीफायर-2026 में भारतीय महिला व पुरुष अंडर-18 बास्केटबाल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
बता दें कि इन दोनों भारतीय टीमों ने मेजबान श्रीलंका को फाइनल मुकाबलों में पराजित कर खिताब अपने नाम किया और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। महिला वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 84-57 के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष वर्ग के फाइनल में भारत की अंडर-18 टीम ने श्रीलंका को 78-56 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप-2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
इस ऐतिहासिक सफलता में हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी सानवी रणौत ने भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया, जबकि रोहित ठाकुर ने सहायक कोच के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रदेश बास्केटबाल एसोसिएशन के सीओ अजय सूद, अध्यक्ष सुशील शर्मा, महासचिव मनीष शर्मा व जिला हमीरपुर के संगठन प्रवक्ता सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल और देश के लिए एक बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसके लिए उक्त खिलाड़ी के माता-पिता के साथ-साथ उनके कोच बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जब भी यह खिलाड़ी जिला हमीरपुर पहुंचेगी तो जिला बास्केटबाल एसोसिएशन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें