Edited By Punjab Kesari, Updated: 05 Dec, 2017 11:54 PM
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस ब्लोटू में दुर्घटना का शिकार हो गई।
सुजानपुर: हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस ब्लोटू में दुर्घटना का शिकार हो गई। इस घटना में बस के चालक सहित एक महिला यात्री घायल हो गई। घटना मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे की है, जब हिमाचल परिवहन निगम की बस (एच.पी.-67-3025) सुजानपुर बस स्टैंड से लुधियाना की ओर निकली तो सुजानपुर से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर ब्लोटू नामक स्थान पर एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 4 फुट नीचे लुढ़क गई। बस में करीब 15 से 17 सवारियां बैठी थीं।
राहत कार्य में पुलिस ने दिखाई तेजी
थाना प्रभारी सुजानपुर सुरेंद्र धीमान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना जैसे ही सुजानपुर पुलिस को मिली तो उसने मौके पर पहुंच कर बचाव और राहत कार्य में तेजी दिखाई। दुर्घटना में घायल महिला मीरा देवी निवासी कोटलू (संधोल) जिला मंडी और बस चालक जसवंत कुमार को सुजानपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया दुर्घटना में केवल 2 ही लोगों को चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के क्या कारण रहे, इस बारे जांच की जा रही है।