Edited By Punjab Kesari, Updated: 22 Aug, 2017 11:36 PM
मंगलवार को ऐतिहासिक छड़ी यात्रा दशनाम अखाड़ा चम्बा से मणिमहेश के लिए रवाना हुई।
चम्बा: मंगलवार को ऐतिहासिक छड़ी यात्रा दशनाम अखाड़ा चम्बा से मणिमहेश के लिए रवाना हुई। इस मौके पर डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा ने श्री दशनाम अखाड़ा जाकर वहां स्थापित भगवना दत्तात्रेय की पूजा-अर्चना के बाद छड़ी अखाड़ा के महंत यतिंद्र गिरी को सौंपी। इसके साथ ही यह छड़ी यात्रा मणिमहेश के लिए बैंडबाजे के साथ रवाना हो गई। इस छड़ी यात्रा में देश के विभिन्न अखाड़ों से आए साधु संत भोले के जयकारे लगाते हुए छड़ी की अगुवाई में मणिमहेश यात्रा को रवाना हो गए। जिला मुख्यालय से होती हुई यह छड़ी यात्रा मंगलवार शाम को अपने पहले पड़ाव जुलाहकड़ी में पहुंच गई। इस छड़ी यात्रा में देश के विभिन्न अखाड़ों से आए साधु संत शामिल हैं तो साथ ही बड़ी संख्या में नगर के लोगों ने इस छड़ी की पूजा-अर्चना करने के साथ इसे यात्रा के लिए विदा किया।
28 अगस्त को डल झील पर पहुंचेगी छड़ी
गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा की भांति जिला मुख्यालय के दशनाम अखाड़ा से यह पवित्र छड़ी मणिमहेश यात्रा के लिए निकलती है और यह छड़ी विभिन्न पड़ावों से होती हुई 28 अगस्त को मणिमहेश डल झील पर पहुंचेगी। अगली सुबह यह छड़ी पवित्र मणिमहेश डल में डूबकी लगाएगी। इसके साथ ही यह यात्रा समाप्त हो जाएगी। इस मौके पर एस.डी.एम. चम्बा राहुल चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।