Edited By Vijay, Updated: 16 May, 2026 07:42 PM

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली और त्वरित कार्रवाई से पूरे देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS-112) के बेहतरीन संचालन....
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली और त्वरित कार्रवाई से पूरे देश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS-112) के बेहतरीन संचालन और लोगों को तुरंत पुलिस सहायता पहुंचाने में हिमाचल पुलिस ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। महज कुछ ही महीनों में 34वें पायदान से लंबी छलांग लगाकर शीर्ष पर पहुंचना राज्य पुलिस के लिए एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि है।
पहाड़ी चुनौतियों और बड़े राज्यों को पछाड़ा
पहाड़ी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला राज्य होने के चलते हिमाचल में नैटवर्क और कनैक्टिविटी की समस्या आम है। इसके बावजूद हिमाचल पुलिस ने देश के बड़े-बड़े और सुविधा संपन्न राज्यों को पछाड़ दिया है। 112 नंबर पर आने वाली कॉल पर तुरंत एक्शन लेने, चंद मिनटों में मौके पर पहुंचने और संकट में फंसे नागरिकों को त्वरित राहत देने के मामले में हिमाचल का प्रदर्शन पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है।
डीजीपी बोले-34वें स्थान से नंबर-1 तक का सफर 'मील का पत्थर'
इस बड़ी कामयाबी पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने खुशी जाहिर करते हुए पूरी पुलिस फोर्स की पीठ थपथपाई है। इसे पुलिस के इतिहास का मील का पत्थर बताते हुए डीजीपी ने कहा कि पिछले साल नवम्बर तक हमारा ERSS-112 सिस्टम देश में 34वें स्थान पर था, लेकिन आज हम पूरे देश में नंबर-1 हैं। एक छोटा प्रदेश, सीमित संसाधन और छोटी सी पुलिस फोर्स होने के बावजूद यह मुकाम हासिल करना हमारी टीम की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का शानदार नतीजा है।
बल की संख्या नहीं, जवानों का जज्बा रखता है मायने
डीजीपी अशोक तिवारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सेवा के मामले में फोर्स की संख्या नहीं, बल्कि जवानों का जज्बा मायने रखता है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस के प्रति प्रदेश की जनता के अटूट विश्वास का भी प्रतीक है। हिमाचल पुलिस का हर जवान नागरिकों की सुरक्षा और इस विश्वास को बनाए रखने के लिए 24 घंटे पूरी मुस्तैदी और तत्परता के साथ अपनी सेवाएं देता रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें