मंडी में मोदी तो ऊना में गरजे राहुल, प्रियंका के दौरे में बदलाव, पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें

Edited By Ekta, Updated: 10 May, 2019 07:16 PM

himachal express

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी के पड्डल मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। रैली में काफी संख्या में लोग पहुंचे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार ऊना के...

शिमला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी के पड्डल मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। रैली में काफी संख्या में लोग पहुंचे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार ऊना के झलेड़ा पुलिस ग्राउंड में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह मेरे राजनीतिक गुरु हैं, उनका सम्‍मान करता हूं। चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार हिमाचल में चुनावी जनसभा करने आ रही हैं। इससे पहले कभी उन्होंने हिमाचल में कोई रैली या चुनावी जनसभा नहीं की। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं।   

PM मोदी बोले- हमने सर्जिकल Strike की और कांग्रेस ने मुझे गालियां दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी के पड्डल मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। रैली में काफी संख्या में लोग पहुंचे हैं। पीएम मोदी मंडी सीट से भाजपा के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के लिए चुनावी हुंकार भरने आए हैं। खास बात यह है कि वह मंडी के पड्डल में तीसरी रैली करने पहुंचे हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा एसपीजी का कड़ा सुरक्षा घेरा है। इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, सतपाल सत्ती और तीर्थ सिंह रावत मौजूद रहे।  

ऊना में गरजे राहुल, बोले- मोदी जी आपने मेरे पिता का अपमान किया, मैंने आपको प्यार दिया
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार ऊना के झलेड़ा पुलिस ग्राउंड में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह मेरे राजनीतिक गुरु हैं, उनका सम्‍मान करता हूं। मैं मोदी जैसा नहीं हूं जो अपने कोच को लाल कृष्‍ण आडवाणी को झापड़ मार दिया। राहुल ने कहा मोदी अकेले कांग्रेस के साथ कबड्डी खेलने निकल पड़े हैं पर अब वो हमारी मजबूत टीम ने पकड़ लिए हैं, वह आउट होकर ही जाएंगे।  

प्रियंका के दौरे में बदलाव
चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार हिमाचल में चुनावी जनसभा करने आ रही हैं। इससे पहले कभी उन्होंने हिमाचल में कोई रैली या चुनावी जनसभा नहीं की। बता दें कि चुनाव प्रचार के आखिरी दिन यानी 17 मई को उनकी शिमला के निकट ठियोग और सुंदरनगर में रैली तय हुई थी लेकिन अब वो 14 मई को होगी। खास बात यह है कि ठियोग के समीप ही प्रियंका गांधी का अपना घर भी है। यानी पहाड़ की बेटी वाला कार्ड खेला जाएगा, यह तय है। 

राजगढ़ में दर्दनाक हादसा
राजगढ़-हरिपुरधार सड़क मार्ग पर चाड़ना के समीप एक ऑल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार यह कार गुरुवार देर शाम करीब साढ़े 6 बजे चाड़ना से नौहराधार की तरफ जा रही थी। चाड़ना से मात्र करीब 300 मीटर की दूरी पर कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।  

अनुराग बोले- Reliance के Tweet का जवाब दें राहुल गांधी
हमीरपुर से बीजेपी उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने हरोली विधानसभा हल्के में चुनाव प्रचार किया। अनुराग ने राफेल मुद्दे पर मोदी सरकार पर सवाल उठाने पर कांग्रेस पार्टी और अध्यक्ष राहुल गांधी पर सवाल खड़े किए हैं। अनुराग ने कांग्रेस द्वारा मोदी सरकार और अम्बानी ग्रुप को राफेल के मुद्दे पर घेरने के मुद्दे पर उलटे कांग्रेस को ही सवालों के कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने रिलायंस ग्रुप द्वारा 5 मई को किए गए ट्वीट की तरफ इशारा करते हुए यूपीए सरकार में भी अनिल अंबानी और उनके ग्रुप को मिले एक लाख करोड़ के कार्यों पर राहुल से जवाब मांगा। 

किन्नौर के नमन मेहता ने भरी सफलता की उड़ान
किन्नौर जिला के पांगी निवासी नमन मेहता ने संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित एन.डी.ए. की परीक्षा में बाजी मारकर किन्नौर सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। नमन मेहता के पिता ईश्वर दास मेहता पुलिस विभाग रिकांगपिओ में कार्यरत हैं जबकि माता सुनीता मेहता गृहिणी हैं। नमन ने जहां इस बार 12वीं की परीक्षा अच्छे नंबरों के साथ उत्तीर्ण की है, वहीं उन्होंने प्रथम प्रयास में ही संघ लोक सेवा आयोग की एन.डी.ए. की परीक्षा में 49वां रैंक प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। 

बेरोजगार युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका
किन्नौर, शिमला, सोलन व सिरमौर जिला के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका है। यह भर्ती 3 से 15 जून तक जुन्गा में आयोजित की जाएगी। सेना भर्ती रैली को लेकर जिलाधीश शिमला राजेश्वर गोयल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि सैनिक जी.डी., सैनिक तकनीकी व सैनिक लिपिक के 500 से 800 पद भरे जाएंगे। इनके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक एवं चिकित्सीय परीक्षण भी अनिवार्य है और अभ्यर्थियों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी। 

BJP के इन 2 मंत्रियों ने अग्निहोत्री पर किया पलटवार, लगाए यह आरोप
पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर तथा उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह बताएं कि उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए किसका टिकट काटा था। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री भाजपा को तो नसीहत दे रहे हैं लेकिन अपनी पार्टी को भूल जाते हैं। दोनों मंत्रियों ने यहां जारी संयुक्त बयान में कहा कि नेता प्रतिपक्ष को वह मुहावरा याद करना चाहिए, जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं, उनको दूसरों के घरों की ओर पत्थर नहीं फैंकने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय कांग्रेस के बड़े दलित नेता और राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सीता राम केसरी को धक्के मारकर कांग्रेस के दफ्तर से खदेड़ दिया गया था। 

वीरभद्र सिंह की जयराम सरकार को चेतावनी, दम है तो एक भी स्कूल बंद करके दिखाओ
पुलिस लाइन झलेड़ा में आयोजित कांग्रेस की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षा के उत्थान के लिए स्कूल खोले गए लेकिन जयराम सरकार अब इनको बंद करने पर तुली हुई है। जयराम सरकार का कहना है कि वीरभद्र सरकार ने जरूरत से ज्यादा स्कूल खोल दिए हैं।

दर्दनाक हादसा : Alto Car खाई में गिरी, बड़े भाई की मौत
बरमाणा थाना के अंतर्गत कैची मोड़ के पास आल्टो कार (एच.पी. 24ए-5939) सड़क से करीब 20 फुट नीचे गिर जाने के कारण उसमें बैठे चालक अच्छर सिंह (62) पुत्र लालमन गांव व डाकघर बरमाणा तहसील सदर जिला बिलासपुर मौत हो गई जबकि उसके साथ बैठा उसका भाई बंसी राम (55) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बिलासपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला
मंडी जिला के पड्डल मैदान में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर अपना गुब्बार निकाला। एक ओर जहां उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया तो वहीं कांग्रेस की नाकामियों पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो सेना और सैनिकों का अपमान करता है उसे कांग्रेस मुख्यमंत्री बनाती है।

Related Story

Trending Topics

India

397/4

50.0

New Zealand

327/10

48.5

India win by 70 runs

RR 7.94
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!