Edited By Vijay, Updated: 18 Apr, 2019 09:46 PM
हिमाचल में एक बार फिर से शीतलहर लौट आई है। वीरवार को प्रदेशभर में जमकर मेघ बरसे और जमकर प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई वहीं कुछेक क्षेत्रों में ओले भी बरसे। प्रदेश सहित राजधानी शिमला में दोपहर बाद बारिश का क्रम जारी हुआ और देर शाम तक बारिश...
शिमला: हिमाचल में एक बार फिर से शीतलहर लौट आई है। वीरवार को प्रदेशभर में जमकर मेघ बरसे और जमकर प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई वहीं कुछेक क्षेत्रों में ओले भी बरसे। प्रदेश सहित राजधानी शिमला में दोपहर बाद बारिश का क्रम जारी हुआ और देर शाम तक बारिश तेज हो गई। इस बीच शहर व जिला के अन्य क्षेत्रों में जमकर ओले भी बरसे, जिससे दिन में अधिकतम तापमान में और भी गिरावट हो गई और शहर के लोगों ने अप्रैल के माह में दिसम्बर माह जैसी सर्दी का एहसास किया।
डल्हौजी व राजगढ़ में सबसे अधिक बारिश दर्ज
प्रदेश में सबसे अधिक बारिश डल्हौजी व राजगढ़ में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जहां डलहौजी में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की वहीं राजगढ़ में 18 एम.एम. बारिश दर्ज की। इसी तरह पच्छाद में 16, कुफरी में 15, सोलन में 14, धर्मपुर व सराहन 12, मशोबरा, नयनादेवी, नाहन, शिमला, जुब्बड़हट्टी, धर्मशाला में 10 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर में 9, मनाली में 8, कल्पा में 7, ऊना में 6 व भोंरज, अर्की व कसौली में में 5 एम.एम. बारिश दर्ज की गई।
कुफरी में 5.3 पहुंंचा न्यूनतम तापमान
प्रदेश में बारिश का क्रम दूसरे दिन भी जारी रहने से प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं डल्हौजी व कुफरी में 6.3, और कुफरी में 5.3 तापमान पहुंंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया कि वीरवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई है वहीं कुछेक क्षेत्रों में ओले भी बरसे हैं। अब 19 अप्रैल से मौसम साफ रहेगा और 23 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान पर एक नजर
शिमला में अधिकतम तापमान 15.2 दर्ज किया जबकि 2 दिन पहले यह तापमान 22.4 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था। इसके अतिरिक्त सुंदरनगर में 21.6, भुंतर 21.8, कल्पा में 18.3, धर्मशाला में 21.8, ऊना 32.3, नाहन 26.2, केलांग 16.0, पालमपुर 21.5, सोलन 22.0, मनाली 19.0, कांगड़ा 26.0, मंडी 28.6, बिलासपुर 26.0, हमीरपुर 25.5, चम्बा 22.7, डल्हौजी 13.7 और कुफरी में 8.7 अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।