Edited By Vijay, Updated: 30 Aug, 2018 10:32 PM
वीरवार को हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें आई.जी.एम.सी. में भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें वीरवार शाम से ही सांस लेने में दिक्कत आ रही थी, जिसके चलते उन्हें शाम करीब 6.30...
शिमला (विकास): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वीरवार को आई.जी.एम.सी. में भर्ती हो गए हैं। चिकित्सक ने वीरभद्र सिंह को छाती में दर्द होने व सांस लेने में दिक्कत होने पर उपचार के लिए भर्ती किया है। बताया जा रहा है कि वीरवार दोपहर को अचानक उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई और सीने में दर्द शुरू हुआ, ऐसे में उन्हें तुरंत आई.जी.एम.सी. अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें स्पैशल वार्ड के 633 नंबर कमरे में भर्ती किया है। चिकित्सकों ने उनके सभी जरूरी टैस्ट लिए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही असली बीमारी का पता चल पाएगा।
आई.जी.एम.सी. के एम.एस. डा. जनक राज ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सांस लेने में तकलीफ होने पर आई.जी.एम.सी. लाया गया था। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार है। उन्होंने बताया कि उनकी देखरेख के लिए 3 वरिष्ठ डाक्टरों की टीम भी बनाई है। वे उनकी देखरेख कर रहे हैं। टीम में डा. पी.सी. नेगी, डा. प्रेम मछान और नेफरोलोजी के डा. अजय जरियाल शामिल हैं।